Bihar News : नवनिर्मित नीतीश सेतु के उद्घाटन के महज 36 घंटे में काटे गए 123 चालान, 3.81 लाख का लगा जुर्माना
Bihar News : नवनिर्मित नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद यातायात नियमों को तोड़ने का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में महज 36 घंटे के भीतर यातायात पुलिस ने 123 चालान काटे हैं......पढ़िए आगे
PATNA : राजधानी पटना में गंगा नदी पर बने नवनिर्मित सिक्स लेन पुल (नीतीश सेतु) के उद्घाटन के महज 36 घंटे के भीतर ही यातायात नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर बड़ी संख्या में वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाते पाए गए हैं, जिससे इस तेज रफ्तार मार्ग पर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पुल पर विशेष रूप से यातायात पुलिस की टीम प्रतिनियुक्त की गई है। तैनात पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रख रहे हैं ताकि कोई भी वाहन चालक गलत लेन में प्रवेश न कर सके।
यातायात पुलिस द्वारा एक ओर जहां वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नियमों की अनदेखी करने या बार-बार गलती दोहराने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, उद्घाटन के शुरुआती 36 घंटों के भीतर ही पुल पर तैनात यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 123 वाहनों का चालान काटा है। इस कार्रवाई के तहत कुल 3,81,000 रुपये की समन राशि वसूली गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के मद्देनजर नवनिर्मित पुल पर निर्धारित लेन और गति सीमा का पालन करें, क्योंकि गलत दिशा में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है।
रंजीत की रिपोर्ट