Sharad Pawar: शरद पवार की अचानक बिगड़ी तबीयत, 24 घंटे में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती, बेटी ने दी जानकारी

Sharad Pawar: शनिवार को शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिली थी लेकिन घर आने 24 घंटे में ही एक बार फिर उन्हें अस्पताल जाना पड़ा है। इसकी जानकारी उनकी बेटी ने दी है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

शरद पवार की बिगड़ी तबीयत - फोटो : social media

Sharad Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के संस्थापक और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पावर को रविवार को एक बार फिर पुणे के रुबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा था। उनकी बेटी और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पुष्टि की।

कमजोरी और डिहाइड्रेशन की शिकायत

जानकारी के अनुसार, 85 वर्षीय शरद पवार पिछले कुछ दिनों से खांसी और गले के संक्रमण से जूझ रहे थे। शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे अपने आवास पर आराम कर रहे थे, लेकिन रविवार सुबह उन्हें अत्यधिक कमजोरी और शरीर में पानी की कमी महसूस हुई। डॉक्टरों की सलाह पर परिवार ने उन्हें फॉलो-अप जांच और हाइड्रेशन के लिए दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया।सुप्रिया सुले ने ‘एक्स’ पर लिखा कि बाबा को फॉलो-अप टेस्ट और हाइड्रेशन के लिए रूबी हॉल में भर्ती कराया गया है और उन्होंने डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

पहले भी हो चुके हैं भर्ती

पिछले सप्ताह भी उन्हें सांस लेने में कठिनाई और सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने पांच दिन का एंटीबायोटिक कोर्स दिया था और शनिवार को छुट्टी दे दी थी। हालांकि, उन्हें 3-4 दिन पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई थी।

कैसी है शरद पवार की तबीयत 

रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों के अनुसार, शरद पवार की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उनके महत्वपूर्ण अंग सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उम्र और संक्रमण को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अस्पताल में भीड़ न लगाएं ताकि अन्य मरीजों को असुविधा न हो।