मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ भीषण हादसा, तेज रफ्तार क्रूजर ट्रक में घुसी, 9 लोगों की मौत, 8 घायल

क्रूजर में एक ही विस्तारित परिवार के कुल 16 सदस्य सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे और सीकर जिले में स्थित खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।

Rajasthan Road Accident- फोटो : news4nation

 Road Accident : एक भीषण सड़क हादसे में रविवार को 9 लोगों के मौत हो गई जबकि 8 घायल हो गए। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर यह भीषण सड़क हादसा शंभूपुरा के पास हुआ जिसमें सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार क्रूजर वाहन पीछे से जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो बच्चियां भी शामिल हैं।


पुलिस के मुताबिक, क्रूजर में एक ही विस्तारित परिवार के कुल 16 सदस्य सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे और सीकर जिले में स्थित खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका 

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि क्रूजर चालक को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा सिटी की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।


ट्रक चालक भी हुआ घायल

ट्रक चालक हारून ने बताया कि उसने वाहन में खराबी की जांच करने के लिए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से वह करीब 20 फीट दूर जा गिरा और लगभग 10 मिनट तक बेहोश रहा। होश में आने के बाद उसने खुद पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। हादसे में उसके सिर और घुटनों में चोट आई है।


मृतकों में दो बच्चियां भी शामिल 

पुलिस ने मृतकों की पहचान उषा (60), सुशीला (65), कैलाश (45), जानवी (6), सज्जन (60), अनीता, बाबूलाल (60), जानवी (13) और माधवी (45) के रूप में की है। हादसे में घायल आठ लोगों को नवीन चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।