Bihar News: पश्चिम चंपारण के रामनगर में गन्ने की फसल में भीषण आग, 5 बीघा फसल राख
Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर प्रखंड के बड़गांव गांव में गन्ने की फसल में अचानक भीषण आग लगने से किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। ...
Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर प्रखंड के बड़गांव गांव में गन्ने की फसल में अचानक भीषण आग लगने से किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। आग की चपेट में आने से करीब पांच बीघा खेत में लगी गन्ने की फसल जलकर बर्बाद हो गई। इस अग्निकांड में किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के मुताबिक, बड़गांव गांव में खेतों में गन्ने की फसल खड़ी थी। इसी दौरान अचानक फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से आसपास के खेतों में फैलने लगी। आग की ऊंची लपटें देखकर ग्रामीणों और किसानों में दहशत फैल गई। किसानों ने अपने स्तर से आग बुझाने और फसल को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही समय में पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई।
इस घटना में किसान रमेश गिरी, बुलेट यादव, विनोद उरांव और लक्ष्मण यादव की फसल प्रभावित हुई है। गन्ने की खेती पर पूरे साल मेहनत करने वाले इन किसानों की उम्मीदों पर आग ने पानी फेर दिया। तैयार होती फसल के नष्ट होने से उनके सामने रोजी-रोटी और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
अग्निकांड के बाद पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से नुकसान का जायजा लेने की गुहार लगाई है। किसानों की मांग है कि खेतों में जली फसल का निष्पक्ष आकलन कराया जाए और सरकारी प्रावधानों के मुताबिक उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके।फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासनिक जांच और क्षति के आकलन के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट- आशीष कुमार