'1947 में देश आजाद हुआ, लेकिन बिहार को 2005 में मिली आजादी', तेजस्वी का नाम लेकर संजय झा का बड़ा बयान

सुशासन दिवस की तैयारियों के बीच संजय झा ने पुलों के उद्घाटन को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी।

Sanjay Jha
Sanjay Jha - फोटो : news4nation

Bihar News :  देश को आजादी 1947 में मिली, लेकिन बिहार को गरीबी, बदहाली और पिछड़ेपन से बाहर निकलने की आजादी 24 नवंबर 2005 को मिली, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली। यह दावा जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने किया है। उन्होंने नीतीश कुमार के शासनकाल को बिहार में बदलाव का दौर बताते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में राज्य में विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं।


दरअसल, 24 नवंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर जेडीयू पूरे बिहार में कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। पार्टी ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जाएगा। पार्टी का फोकस इस दौरान सड़क, पुल-पुलियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों को सामने लाने पर रहेगा।


सुशासन दिवस की तैयारियों के बीच संजय झा ने पुलों के उद्घाटन को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि तेजस्वी यादव बताएं कि उनके और उनके माता-पिता के शासनकाल में बिहार में कितने पुलों का निर्माण कराया गया था?


संजय झा ने दावा किया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में हजारों पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। इससे बिहार के अलग-अलग इलाकों के बीच संपर्क बेहतर हुआ और आवागमन की सुविधा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज विकास कार्यों पर सवाल उठाने वाले लोगों को अपने शासनकाल का हिसाब भी देना चाहिए।


जेडीयू इस आयोजन के जरिए नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल को सुशासन और विकास के अपने राजनीतिक एजेंडे के रूप में जनता के सामने रखने की तैयारी में है। 24 नवंबर को होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।