होली के रंग में भंग! यूपी से महाराष्ट्र तक हिंसा, पथराव, फायरिंग और पुलिस पर हमला, जानें कहां क्या हुआ

शुक्रवार को होली के दिन यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक हिंसा और दंगे हुए, पथराव हुआ, फायरिंग हुई और पुलिस पर हमला हुआ. कहीं रंग लगाने पर पथराव हुआ तो कहीं नमाज के दौरान हिंसा हुई. जानिए कहां क्या हुआ...

Holi

होली के जश्न के दौरान शुक्रवार को कुछ जगहों पर माहौल बिगड़ गया। उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र और झारखंड समेत कई राज्यों में होली के दिन हिंसा, पथराव और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं। कहीं दो पक्षों के बीच विवाद हुआ तो कहीं पुलिस पर ही हमला कर दिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए कई जिलों में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।


उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बवाल

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में विश्व प्रसिद्ध लाट साहब के जुलूस के दौरान माहौल बिगड़ गया। जुलूस के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर जूते-चप्पल और पत्थर फेंके। पुलिस ने हालात पर काबू पाने की कोशिश की तो उपद्रवी और हिंसक हो गए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं, उन्नाव के गंजमुरादाबाद इलाके में फाग जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ दिया। पुलिस ने उन्हें रोका तो उन पर पथराव शुरू हो गया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

मथुरा के बाटी गांव में रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। वहीं जेवर के रनहेरा गांव में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में फायरिंग हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। बिजनौर के धामपुर में भी रंग लगाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। वहीं, मुरादाबाद में होली पर गले न मिलने से नाराज होकर एक युवक ने भाजपा नेता को गोली मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। बागपत में भी होली खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।


हिमाचल में कांग्रेस नेता को मारी गोली 

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को चार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। हमलावरों ने 12 राउंड फायरिंग की, जिसमें उनके पीआरओ भी घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


पंजाब और महाराष्ट्र में मस्जिदों पर हमला 

लुधियाना में कुछ उपद्रवियों ने होली पर मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोगों पर पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। महाराष्ट्र के रत्नागिरी में शिमगा जुलूस के दौरान भीड़ ने मस्जिद का गेट तोड़ने की कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। 


झारखंड में सांप्रदायिक हिंसा, दुकानें जलाई गईं

झारखंड के गिरिडीह जिले में होली जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। उपद्रवियों ने कई दुकानों में आग लगा दी और पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। 


पुलिस ने सख्त कार्रवाई की 

इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यूपी, पंजाब, महाराष्ट्र और झारखंड समेत कई राज्यों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिन इलाकों में दंगे हुए, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Editor's Picks