Accident News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 4 बच्चों की मौत, 25 घायल
Accident News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे परसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई।...
Accident News: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर की कई सीटें उखड़कर बिखर गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री बुरी तरह सहम गए।
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में 50 विद्यार्थियों समेत कुल 60 लोग सवार थे। सभी आगरा में पिकनिक मनाने के बाद वापस कौशांबी लौट रहे थे। कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस मंगलवार की रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। बुधवार सुबह लगभग छह बजे ठठिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बच्चों को शौच कराने के लिए बस रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस की कई सीटें उखड़ गईं और कुछ बच्चे सीटों के बीच फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। इस हृदयविदारक घटना से बच्चों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।