Bihar SUV Raid: सदर एसडीएम के आवास पर SUV की छापेमारी, रोहतास - पटना में भी रेड, मचा हड़कंप
Bihar SUV Raid: गोपालगंज में सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के सरकारी आवास पर मंगलवार की सुबह स्पेशल यूनिट विजिलेंस (SUV) की टीम ने अचानक छापेमारी की। ...
Bihar SUV Raid: गोपालगंज में सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह के सरकारी आवास पर मंगलवार की सुबह स्पेशल यूनिट विजिलेंस (SUV) की टीम ने अचानक छापेमारी की। सुबह से ही विजिलेंस अधिकारियों की टीम आवास पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे से लेकर स्थानीय इलाके तक में हलचल तेज हो गई। छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
कथित तौर पर डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति के रोहतास, पटना समेत सीवान में छापेमारी चल रही है। वित्तीय अनियमित्ता से मामला जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, SUV की टीम सुबह के वक्त सदर एसडीएम के आवास पर पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने परिसर में अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। टीम के सदस्य आवास के भीतर आवश्यक जांच कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर विजिलेंस के अधिकारी मौजूद हैं और कार्रवाई लगातार जारी है।
हालांकि, फिलहाल इस छापेमारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। विजिलेंस टीम किस मामले में जांच करने पहुंची है और कार्रवाई का आधार क्या है, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से भी अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
एसडीएम जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर तैनात अधिकारी के आवास पर विजिलेंस की इस कार्रवाई ने जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक गलियारों में भी इस घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल सभी की निगाहें छापेमारी के नतीजों और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हैं। टीम की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले की असलियत और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट-नमोनारायण मिश्रा