Road Accident: इकलौती बेटी की डोली से पहले उठी माता-पिता की अर्थी, एक साथ दंपती ने दुनिया को कहा अलविदा, जानें क्या है पूरा मामला

Road Accident: बेटी की शादी की तैयारी में लगे माता पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

सड़क हादसा
road accident in mirzapur- फोटो : प्रतीकात्मक

 Road Accident: सड़क दुर्घटना में माता-पिता की मौत हो गई। जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक दंपती की बेटी की शादी होने वाली थी। वहीं बेटी की डोली उठने से पहले माता-पिता की अर्थी उठ गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। खुशियों वाली घर में अब मातम पसरा हुआ है। 

पति-पत्नी की मौत 

दरअसल, पूरा मामला यूपी के मिर्जापुर का है। जहां बेटी की शादी करने से पहले माता पिता की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा राजगढ़ खाना क्षेत्र के इमिलिया 84 गांव के पास का है। बताया जा रहा है कि दंपती बाइक से जा रहे थे। तभी टाटा मैजिक ने उनके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन दोनों ने एक साथ दुनिया को अलविदा कर दिया। 

बेटी की डोली के पहले उठी अर्थी 

बताया जा रहा है कि मृतक दंपती की बेटी की शादी 12 मई को होनी थी। पति पत्नी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। घटना को लेकर धनावल के संजय सिंह ने कहा कि गरेरी गांव निवासी 45 वर्षीय सूर्यपाल अपनी पत्नी 42 वर्षीय नन्हकी को बाइक से लेकर सोमवार को लूसा गांव गए थे। वहां से वापस अपने घर गरेरी जाते समय इमलिया 84 गांव के पास मिर्जापुर सोनभद्र मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। 

12 मई को होनी थी शादी, मातम पसरा

जहां पहले इलाज के दौरान पति की मौत हुई वहीं पत्नी की मौत वाराणसी ले जाने के दौरान हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दंपती के पांच बेटों में इकलौती बेटी की शादी होने वाली थी। शादी तय होने के बाद पूरा परिवार तैयारियों में जुटा था। शादी से ही जुड़ी बातचीत के लिए दंपती एक साथ निकले थे लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं दूसरी ओर परिजनों में मातम पसरा हुआ है। बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। 

Editor's Picks