UP Opinion Poll: यूपी में सपा ने BJP को दी पटखनी! वोट शेयर में अखिलेश आगे, गठबंधन से सत्ता की चाबी मिलने के आसार
UP Opinion Poll: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नए ओपिनियन पोल ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
UP Opinion Poll: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भले ही अभी नहीं बजा हो, लेकिन ताजा ओपिनियन पोल ने सत्ता के गलियारों में हलचल मचा दी है। सर्वे के आंकड़ों ने भाजपा की पेशानी पर बल डालने और समाजवादी पार्टी के खेमे में उम्मीदों की नई लहर पैदा करने का काम किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वोट प्रतिशत के मामले में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने भाजपा को मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, सीटों के समीकरण में भगवा दल अब भी मुकाबले में मजबूत दिखाई दे रहा है।
स्कोर इंटेलिजेंस के इस सर्वे में 15 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 के बीच 91,429 मतदाताओं की राय शामिल किए जाने का दावा किया गया है। इसके मुताबिक सपा को 36.98 फीसदी और भाजपा को 36.69 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। यानी महज 0.29 फीसदी के अंतर से सपा ने बढ़त बना ली है। बसपा के हिस्से में 11.45 फीसदी, कांग्रेस को 7.67 फीसदी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) को 2.54 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई गई है।
साफ है कि मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। हालांकि, सिर्फ वोट शेयर में आगे निकलने से सत्ता की राह आसान नहीं होने वाली। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में सरकार बनाने के लिए 202 विधायकों का समर्थन जरूरी है। सर्वे के मुताबिक भाजपा और उसके सहयोगियों यानी एनडीए को 181 से 226 सीटें मिल सकती हैं, जबकि सपा-कांग्रेस का इंडिया गठबंधन 174 से 219 सीटों तक पहुंच सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि सपा और कांग्रेस अलग-अलग मैदान में उतरती हैं तो भाजपा को 177 से 215 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सपा 160 से 202 सीटों के बीच सिमट सकती है। यानी कांग्रेस के साथ आने से अखिलेश यादव की सियासी ताकत बढ़ सकती है और बहुमत का रास्ता खुल सकता है।
सर्वे में 42 सीटों पर बेहद कांटे की टक्कर बताई गई है। यही सीटें सत्ता का असली खेल पलट सकती हैं। मुख्यमंत्री की पसंद में योगी आदित्यनाथ 35.29 फीसदी समर्थन के साथ पहले नंबर पर हैं। अखिलेश यादव 26.50 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर हैं। मायावती को 8.59 फीसदी लोगों ने पसंद किया है।
हालांकि, इन आंकड़ों को चुनावी नतीजा समझना जल्दबाजी होगी। सर्वे का नमूना गैर-यादृच्छिक बताया गया है और सीटों का अनुमान मॉडलिंग पर आधारित है। उम्मीदवारों का चयन, जातीय समीकरण, गठबंधन और मतदान का रुख अंतिम तस्वीर बदल सकते हैं। फिलहाल इतना तय है कि 2027 की जंग में भाजपा के सामने अखिलेश यादव ने चुनौती का बिगुल फूंक दिया है।