Sheohar Jail Raid: आधी रात जेल में DM का धावा, चप्पे-चप्पे की तलाशी से मचा हड़कंप, CCTV से पाकशाला तक खंगाली

Sheohar Jail Raid: मंडल कारा में गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अगुवाई में भारी प्रशासनिक और पुलिस टीम ने औचक छापेमारी कर दी।

DM Leads Midnight Raid at Sheohar
आधी रात जेल में DM का धावा- फोटो : reporter

Sheohar Jail Raid: आधी रात का वक्त, जेल की ऊंची दीवारें और अचानक पहुंची प्रशासन की पूरी टीम...मंडल कारा में गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अगुवाई में भारी प्रशासनिक और पुलिस टीम ने औचक छापेमारी कर दी। 26 और 27 नवंबर की दरमियानी रात हुई इस कार्रवाई में जेल के कोने-कोने को खंगाला गया। वार्ड, बैरक, सेल से लेकर अस्पताल और पाकशाला तक की सघन तलाशी ली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।

बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना से मिले निर्देश और जेल मैनुअल के प्रावधानों के तहत की गई इस कार्रवाई में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और कारा प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। छापेमारी का मकसद जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था की असल स्थिति परखना और प्रतिबंधित सामान की मौजूदगी का पता लगाना था। टीम ने बंदियों के रहने वाले सभी वार्डों और बैरकों की बारीकी से जांच की। मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चार्जर, नकदी, नशीले पदार्थ, हथियार और धारदार वस्तुओं की तलाश की गई।

कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधियों और संगठित आपराधिक गिरोहों से जुड़े बंदियों पर विशेष निगाह रखी गई। प्रशासन इस आशंका को लेकर भी सतर्क रहा कि कहीं जेल के भीतर से मोबाइल या दूसरे संचार माध्यमों के जरिए बाहरी अपराधियों के साथ संपर्क तो नहीं साधा जा रहा है। जेल के अंदर बैठकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने की किसी भी संभावना को लेकर टीम ने गहन पड़ताल की।

जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग सिस्टम और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की व्यवस्था जांची गई। इसके साथ ही रात में पहरेदारी और सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी का भी निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने यह देखने की कोशिश की कि जेल की निगरानी व्यवस्था केवल कागजों पर दुरुस्त है या जमीन पर भी उसका सही तरीके से पालन हो रहा है।

छापेमारी के दौरान टीम पाकशाला भी पहुंची। वहां बंदियों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन, साफ-सफाई और रसोई की व्यवस्था की जांच की गई। कारा अस्पताल समेत अन्य संवेदनशील ठिकानों का भी निरीक्षण किया गया।

प्रशासन की इस औचक कार्रवाई का मकसद जेल के भीतर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर लगाम लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करना था। हालांकि, छापेमारी में किसी प्रतिबंधित सामान की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार