Arrah murder case: दिनदहाड़े मर्डर से हड़कंप! आरा में मैकेनिक को गोलियों से भूना

Arrah murder case: बिहार के आरा में 22 वर्षीय बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

बिहार में अपराधियों का कहर- फोटो : news4nation

Arrah murder case: आरा से एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। भोजपुर जिले के टाउन थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल है। मृतक की पहचान चौधरीयाना मोहल्ला, वार्ड नंबर 9 निवासी मो. सगीर के 22 वर्षीय बेटे मो. अफरोज के रूप में हुई है। वह पेशे से बाइक सर्विसिंग का काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने अफरोज को बहुत नजदीक से दो गोलियां मारीं। एक गोली उसके बाएं हाथ में लगी, जबकि दूसरी छाती के पास लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस वारदात से सहमे हुए हैं।

बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टाउन थाना प्रभारी देवराज राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट