Bihar News : नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार ने नमकीन और पत्तल फैक्ट्री का किया उद्घाटन, कहा लघु उद्योगों को बढ़ावा दे रही सरकार

Bihar News : नालंदा जिले में ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने जिले में दो नई फैक्ट्रियों का औपचारिक उद्घाटन किया।

Bihar News : नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार ने नमकीन और पत्तल
दो फैक्ट्रियों का उद्घाटन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए नालंदा जिले में गुरुवार को दो नई फैक्ट्रियां शुरू की गई। इनका उद्घाटन ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने किया। उन्होंने नूरसराय प्रखंड के ग्राम परमानंद बिगहा में श्री फौजी इंटरप्राइजेज नाम से नमकीन मिक्चर तैयार करने वाली फैक्ट्री और बेन प्रखंड के ग्राम बेन में खुशबू पेपर प्लेट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड सह पत्तल निर्माण फैक्ट्री का उद्घाटन किया। 

इस मौके पर मंत्री कुमार ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के उद्योगों खासकर लघु उद्योगों की शुरुआत होना औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने में एक सशक्त पहल है। इस तरह के उद्योगों की मदद से स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों अवसर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से खुलेंगे। स्थानीय लोगों को रोजगार की तलाश करने के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, उन्हें अपने ही गांव-प्रखंड में रोजगार मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे और लघु उद्योगों को लगातार बढ़ावा दे रही है। इसे लेकर कई खास तरह की नीतियां तैयार की गई हैं। विभिन्न योजनाओं के जरिए वित्तीय सहयोग से लेकर सही मार्गदर्शन, बाजार, संसाधन समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराया जा रहा है। इन लघु उद्योगों की सबसे बड़ी खासियत है कि इन्हें स्थापित करने में कम पूंजी की आवश्यकता पड़ती है और इससे अधिक संख्या में लोगों को रोजगार भी मिल जाते हैं। इस क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए खासतौर से स्वरोजगार का यह अच्छा माध्यम बनेगा। साथ ही स्थानीय बाजारों में भी कम कीमत में अच्छी गुणवत्ता वाली सामाग्री उपलब्ध हो सकेगी, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। कम पैसे में अच्छी गुणवत्ता वाली सामाग्री मिल सकेगी।

इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, भोली सिंह, नूरसराय के प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार, बेन प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पटेल, मुखिया ब्रजनंदन प्रसाद, मुखिया पप्पु कुमार उर्फ अविनाश कुमार, बिट्टु कुमार, पैक्स अध्यक्ष राकेश कुमार, अमित यादव, धर्मवीर कुमार, पंचायत अध्यक्ष मंटु कुमार, गौतम कुमार, जितेंद्र ठाकुर, मुखिया नवल यादव, मनोज चौधरी, दीपू पासवान, बउआ लाल सिंह, लक्ष्मीकांत, बाल गोविंद प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे। मिक्सर उध्योग के मालिक विक्की कुमार और पत्तल उद्योग के मालिक अजीत पासवान एवं खुशबू कुमारी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद थी।