Arrah crime: गोलियों की गूंज से दहला भोजपुर, पूर्व मुखिया के बेटे की हत्या

Arrah crime: भोजपुर आरा में दिनदहाड़े पूर्व मुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

बिहार में बेखौफ बदमाश- फोटो : social media

Arrah crime: बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक पूर्व मुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास की है। मृतक की पहचान 45 साल के रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी श्वेता सिंह को स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। उनकी पत्नी बनकट प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।

जैसे ही वह नहर के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे करीब छह हथियारबंद बदमाश तीन बाइक पर आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने रितेश सिंह पर करीब 5 गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से वहां से भाग निकले। मृतक के भाई बब्लू सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से पुराना झगड़ा चल रहा था और उन्हें पहले से जान से मारने की धमकी मिल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में प्रशासन को पहले ही बताया गया था, लेकिन कोई सुरक्षा नहीं दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरा सदर एसडीपीओ राजकुमार शाह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में भी काफी गुस्सा देखा जा रहा है।