Bihar News: सुबह सुबह एसपी के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, थानेदारों को दिया सख्त आदेश
Bihar News: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कमर कस ली है। अलग अलग जिलों में एसपी कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में भोजपुर एसपी ने थानों में औचक निरीक्षण की है।
बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस के द्वारा एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई की जा रही है। सभी जिलों के एसपी एक्शन मोड में हैं। ताजा मामला भोजपुर का है। जहां एसपी ने बड़हरा थाना का औचक निरीक्षण किया है। एसपी इस दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया है।
एसपी ने किया औचक निरीक्षण
जानकारी अनुसार भोजपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को बड़हरा थाना पहुंचकर व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में दर्ज सभी लंबित मामलों की समीक्षा की और अनुसंधान की प्रगति पर विस्तृत जानकारी ली। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कांडों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
लंबित मामलों में जल्द हो कार्रवाई
उन्होंने हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर मामलों पर विशेष ध्यान देने और फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय करने का आदेश दिया। साथ ही लगातार छापेमारी और हर संभावित सुराग पर कार्रवाई करने को भी कहा। एसपी के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
एसपी का सख्त आदेश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिकॉर्ड संधारण, केस डायरी, मालखाना व्यवस्था और थाना परिसर की साफ-सफाई की भी जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता के साथ जनता से व्यवहार करने और थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग व गश्ती व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट