Bihar News: आरा में लापता युवक का मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News: आरा में गंगा नदी में डूबे युवक का शव बरामद होने हड़कंप मच गया। परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
Bihar News: आरा जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट स्थित गंगा नदी में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद हुआ है। उसका शव महुली घाट स्थित गंगा नदी से शुक्रवार की शाम बरामद किया गया। शव के मिलने से लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक टाउन थाना क्षेत्र के वलीगंज वार्ड नंबर 29 निवासी स्व.जयराम चौधरी का 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार चौधरी है एवं वह पेशे से बिजली मिस्त्री था। इधर, मृतक के चचेरे भाई विश्वनाथ चौधरी ने बताया कि उनके मित्र निशु साह की मां का गुरुवार को देहांत हो गया था। उन्हीं के दाह-संस्कार में शामिल होने के लिए वह सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट गया था।
जहां दाह-संस्कार के बाद जब वह महुली घाट स्थित गंगा नदी में स्नान कर रहा था। उसी दौरान वह डूब गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों द्वारा इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम द्वारा गुरुवार की शाम तक उसकी काफी खोजबीन की गई। लेकिन वह नहीं मिल पाया था।
शुक्रवार को भी एसडीआरएफ की टीम ने उसकी काफी खोजबीन की और उनके अथक प्रयास के बाद शुक्रवार की शाम महुली घाट स्थित गंगा नदी से उसके शव को पानी से बाहर निकल गया। जिसके पश्चात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने पांच भाई व बहन एक बहन में छोटा था। उसके परिवार में चार भाई राजेश चौधरी,विनोद चौधरी, मुनमुन चौधरी,प्रमोद चौधरी एवं एक बहन माया देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की मां एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट