Bihar News : भोजपुर में शराब के नशे में हथियार लहराना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने पिस्टल के साथ किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बसौरी गांव में हथियार लहराकर एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। जहाँ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है....पढ़िए आगे

हथियार लहराना पड़ा महंगा - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बसौरी गांव में रविवार की दोपहर शराब के नशे में हथियार लहराकर एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आरोपित युवक को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बसौरी गांव निवासी ललन सिंह के पुत्र सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है।

घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, बसौरी गांव निवासी विश्वनाथ सिंह के पुत्र वीरेंद्र सिंह गांव के ही संजय सिंह और दिनेश कुमार सिंह के साथ बसौरी पुल के समीप काली मंदिर के पास बैठे थे। इसी दौरान सुनील कुमार सिंह कथित तौर पर शराब के नशे में हाथ में पिस्टल लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

आरोप है कि विरोध करने पर उसने वीरेंद्र सिंह पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह मौके से भागने लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और घटना की सूचना उदवंतनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। इस मामले में वीरेंद्र सिंह ने उदवंतनगर थाना में सुनील कुमार सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

पुलिस के अनुसार, आरोपित के पास से बरामद पिस्टल में कोई कारतूस नहीं था। पुलिस ने फायरिंग किए जाने की बात से इनकार किया है।

आशीष की रिपोर्ट