Chhapra News: वाराणसी डीआरएम आशीष जैन ने छपरा कोचिंग डिपो और रनिंग रूम का किया औचक निरीक्षण

वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन, क्रू लॉबी और रनिंग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। संरक्षा मानकों और कर्मचारियों की सुविधाओं पर दिया जोर। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

DRM Varanasi Chhapra Visit & Inspection
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम पहुंचे छपरा: सिक लाइन से लेकर रनिंग रूम तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा- फोटो : Reporter

मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने अपने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज 17 नवंबर को छपरा कोचिंग डिपो, सिक लाइन, क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता, संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता, तकनीकी व्यवस्थाओं, स्वच्छता एवं कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिक लाइन के विभिन्न स्टोर रूम, मशीन रूम, ऑयल रूम, महिला एवं कर्मचारी विश्राम कक्ष तथा ईओटी क्रेनों की कार्यशीलता की जांच की। साफ- सफाई एवं सुव्यवस्थित रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्टाफ कैंटीन हेतु कक्ष तैयार कराने के निर्देश दिए।


इसके पश्चात वाशिंग पिट संख्या-b01 पर खड़ी गाड़ी संख्या- 15083 के रेक का संरक्षा निरीक्षण किया तथा पहियों के व्यास, व्हील डिस्टेंस एवं ट्रेड वियर की निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच की। उन्होंने एसबीसी पैनल, पीएफएस वर्किंग मॉडल, ट्रबलशूटिंग एवं ब्रेक पावर टेस्टिंग की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। साथ ही कर्मचारियों को ओएचई चार्जिंग एवं डिस्चार्जिंग संबंधी संरक्षा प्रक्रियाओं तथा सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया।


मंडल रेल प्रबंधक ने क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम में क्रू मैनेजमेंट, विश्राम व्यवस्था एवं अन्य कर्मचारी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर (गार्ड) से संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों एवं खान- पान की व्यवस्था की जानकारी ली तथा भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पौष्टिकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिया है। 


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा रनिंग कर्मचारियों के स्वास्थ्य, पर्याप्त विश्राम एवं कल्याण का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देश दिया है। 


निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, कोचिंग डिपो अधिकारी, छपरा अशोक कुमार, सहायक विद्युत इंजीनियर, छपरा शिशिर श्रीवास्तव एवं सहायक मंडल इंजीनियर, छपरा अरविन्द कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

छपरा से धर्मेंद्र रस्तोगी  की रिपोर्ट