अनशन पर बैठे भरत तिवारी के परिजनों से मिले पप्पू यादव : मनोज तिवारी समेत कई नेताओं पर साधा निशाना, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ने का किया एलान

भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात करने पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद मनोज तिवारी समेत कई नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार को भी निशाने पर लेते हुए वादा खिलाफी का आरोप लगाया। इस दौरान नेताओं की भूमिका और सरकार के रवैये पर सवाल उठाए...

अनशन पर बैठे भरत तिवारी के परिजनों से मिले पप्पू यादव- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : न्याय की मांग को लेकर भरत तिवारी का परिवार आमरण अनसन पर बैठ गया है। वहीं भरत तिवारी की मां अपने साथ पेट्रोल लेकर बैठी हुई हैं और न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की बात की है। आज सांसद पप्पू यादव अनशन पर बैठे भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और इस दौरान बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, बिहार की सरकार और कई राजनीतिक चेहरों पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है और परिवार की स्थिति बेहद गंभीर व चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के बारे में तरह-तरह की भ्रामक बातें फैलाई गईं, जबकि न तो वादे के मुताबिक नौकरी मिली और न ही सरकार की ओर से कोई संतोषजनक संवाद या फोन कॉल का जवाब मिल रहा है।


साढ़े पांच महीने बीतने के बावजूद आश्वासनों के पूरा न होने का आरोप

पप्पू यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी द्वारा परिवार को नौकरी, गिरफ्तारी और मुआवजे को लेकर आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसे साढ़े पांच महीने बीत जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों और वोट की राजनीति के चलते समाज और पीड़ित परिवार का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि जरूरत के समय कोई पूछने वाला नहीं रहता।


नेताओं के रुख और बयानों पर कड़ा प्रहार

बयान के दौरान सांसद पप्पू यादव ने मनोज तिवारी समेत कई नेताओं के रुख और बयानों पर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कई नेता केवल सुर्खियों और सोशल मीडिया के माहौल को देखकर पहुंचते हैं, जबकि संवेदनशील मुद्दों पर उनका रवैया बदलता रहता है। उन्होंने नेताओं की विश्वसनीयता और बदलते बयानों को लेकर तीखा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि ऐसे लोगों का कोई ठोस स्टैंड नहीं होता।


सुप्रीम कोर्ट जाने और सीबीआई जांच की मांग का ऐलान

पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वे मां के साथ बेटे की तरह खड़े हैं और न्याय की इस लड़ाई को आगे ले जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि भरत तिवारी के मामले में न्याय दिलाने के लिए वे सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे, सीबीआई (CBI) जांच और संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व बर्खास्तगी की मांग उठाएंगे।


न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प

सांसद पप्पू यादव ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में पीछे नहीं हटेंगे और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को वादे के अनुरूप न्याय, कार्रवाई और सहायता नहीं मिलती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।


आशीष की रिपोर्ट