वैशाली में 11 से 13 दिसंबर तक होगा अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026, तैयारियों की समीक्षा के बाद सीएम सम्राट का बड़ा निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में बौद्धिस्ट देशों से आनेवाले सभी प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के लिए हर प्रकार की सुविधा और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें।
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को वैशाली जिला स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी 11 दिसंबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम तथा 11 से 13 दिसंबर 2026 तक आयोजित होनेवाले तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन-2026 की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में बनने वाले मुख्य मंच एवं सम्मेलन से संबंधित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया।
बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से आयोजित होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप परिसर स्थित आगंतुक केंद्र में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम स्थल, तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रतिनिधियों के आवासन एवं परिवहन, सुरक्षा, सी०सी० टीवी निगरानी, बहु-एजेंसी कमांड एवं नियंत्रण कक्ष, हेलीपैड, पार्किंग एवं सौंदर्गीकरण सहित अन्य तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में बौद्धिस्ट देशों से आनेवाले सभी प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के लिए हर प्रकार की सुविधा और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने के लिए जो भी लोग आना चाहते हैं, उनके आगमन को सुगम बनाया जाए। उनके आवासन, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बौद्धिस्ट देशों से आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बोधगया, राजगीर, केसरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बौद्धिस्ट देशों को सम्मेलन के संबंध में आमंत्रण पत्र भेजने तथा वहां के प्रतिनिधियों एवं समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के सुगम भ्रमण के लिए ई-बस की व्यवस्था करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं के आवासन, आवागमन, भोजन एवं सुरक्षा की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अभिषेक पुष्करणी तालाब का सौंदर्याकरण कराने तथा वहां विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाने का निर्देश दिया, ताकि परिसर में मेले जैसा स्वरूप विकसित हो सके। उन्होंने सम्मेलन में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उनके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने वैशाली के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी महत्वपूर्ण पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्थायी हेलीपैड की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में योजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक एवं श्रद्धालु इन स्थलों तक सुगमता से पहुंच सकें। मुख्यमंत्री ने परिसर तक पहुंचने वाली सड़कों को दुरुस्त करने तथा विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और जाम की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत आसपास के क्षेत्रों तथा लिंक पथों के किनारे स्थित गांवों में भी साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।