Bihar Fire: मुख्य बाजार में लगी भीषण आग, सात लाख की संपत्ति राख, इलाके में दहशत

Bihar Fire: औरंगाबाद जिले के रफीगंज मुख्य बाजार में देर रात एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ...

मुख्य बाजार में लगी भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar Fire: औरंगाबाद जिले के रफीगंज मुख्य बाजार में देर रात एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दुकान में रखे तमाम कपड़े जलकर खाक हो गए। इस हादसे में आसपास की फल दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, घटना में करीब सात लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।

जानकारी के अनुसार, रफीगंज शहर के मुख्य बाजार में रात करीब 1:40 बजे अचानक एक बड़ी कपड़ा दुकान में आग लग गई। गहरी रात होने के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा था, लेकिन आग की विकराल लपटें उठते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे कपड़े धू-धूकर जलने लगे। आग की तपिश और फैलती लपटों से आसपास की दुकानों में भी नुकसान हुआ।

रफीगंज निवासी मोहम्मद फरमान ने बताया कि इस अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के कपड़े जलकर राख हो गए। वहीं, दुकान में रखे निरंजन कुमार के फल भी आग की भेंट चढ़ गए। फलों की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी जा रही है। इस तरह कपड़े और फल मिलाकर करीब सात लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत और मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते अग्निशमन वाहनों के पहुंचने से आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने में मदद मिली। इससे बाजार में बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि, तब तक दुकान में रखे कपड़े और फल पूरी तरह जलकर बर्बाद हो चुके थे। घटना के बाद स्थानीय कारोबारियों और शहरवासियों में मायूसी है। लोगों ने जिला प्रशासन से अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर