Bihar RRB PO Exam: परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था पर भड़के अभ्यर्थी, NH-28 पर किया हंगामा

Bihar RRB PO Exam: ग्रामीण बैंक की आरआरबी पीओ (RRB PO) परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा।

Bihar RRB PO Exam: परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था पर भड़के अभ्य
परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था पर भड़के अभ्यर्थी- फोटो : reporter

Bihar RRB PO Exam: मुजफ्फरपुर में ग्रामीण बैंक की आरआरबी पीओ (RRB PO) परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्धारित रिपोर्टिंग समय के एक घंटे बाद तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) पर कब्जा जमा लिया और जमकर हंगामा किया। अचानक हुए इस विरोध-प्रदर्शन से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस दौरान कई राहगीरों के साथ भी अभ्यर्थियों की तीखी नोकझोंक हुई।

दरअसल, रविवार को ग्रामीण बैंक की आरआरबी पीओ परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिए मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी के समीप स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी देर रात से ही पहुंचने लगे थे। 

पहली पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह आठ बजे निर्धारित था। अभ्यर्थी तय समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए, लेकिन सुबह नौ बजे तक उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद अभ्यर्थियों का सब्र जवाब दे गया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध जताना शुरू कर दिया और देखते ही देखते NH-28 को जाम कर दिया।

सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। मौके पर तनावपूर्ण माहौल कायम हो गया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्र पर अक्सर इसी तरह की अव्यवस्था देखने को मिलती है, जिससे परीक्षार्थियों को बेवजह मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने इस परीक्षा केंद्र को रद्द करने की मांग भी उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश देना शुरू किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और जाम समाप्त कराया गया।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा