Bagaha Road Accident: बगहा में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, पिकनिक मनाकर लौट रहे 3 युवकों की दर्दनाक मौत, 3 गंभीर

गहा-एक प्रखंड के छोटकी पट्टी-भैरोगंज मार्ग पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई। हादसे में 3 युवकों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल। वाल्मीकिनगर से लौट रहे थे सभी। पूरी खबर पढ़ें।

बगहा में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार 3 युवकों की दर्दनाक मौत- फोटो : Reporter

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-एक प्रखंड अंतर्गत छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान धनेश कुमार, आलोक कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है।


वाल्मीकिनगर से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे युवक, बकरी को बचाने में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी युवक मारुति कार से वाल्मीकिनगर पिकनिक मनाने गए थे और वहाँ से अपने घर शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी लौट रहे थे। इसी दौरान खोड़ा परसा गांव के समीप अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप, अनियंत्रित तेज रफ्तार कार सीधे पेड़ से जा टकराई और कार सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में मची अफरातफरी, तीन युवकों को चिकित्सकों ने घोषित किया मृत

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की 112 पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया। वहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य तीनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया। एक साथ तीन शवों और तीन घायलों के अस्पताल पहुँचने से वहाँ भारी अफरातफरी और कोहराम मच गया।


रो-रोकर बुरा हाल हुआ परिजनों का, पुलिस मामले की जांच में जुटी

अपनों की दर्दनाक मौत और गंभीर घायलों की हालत को देखकर अस्पताल पहुँचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत अस्पताल पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है।

बगहा से नागेन्द्र नारायण की रिपोर्ट