Bihar News:अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए रवाना हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस, स्टेशनों पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

Bihar News:भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मभूमि जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। ...

अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए रवाना हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस- फोटो : reporter

Bihar News:भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मभूमि जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस नई रेल सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के नरकटियागंज जंक्शन पहुंचते ही पूरा स्टेशन परिसर जय श्रीराम और माता जानकी के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साह और उमंग के साथ ट्रेन का स्वागत किया।

सरयू-कमला एक्सप्रेस के नरकटियागंज जंक्शन पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्टेशन परिसर में जुटे। इस दौरान लोगों में धार्मिक यात्रा को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। कई श्रद्धालु इसी ट्रेन से माता जानकी की पावन जन्मभूमि जनकपुर धाम के लिए रवाना हुए। स्टेशन पर जयकारों और भक्तिमय नारों से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। श्रद्धालुओं ने इस नई रेल सेवा को अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

गौरतलब है कि अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मभूमि के रूप में विशेष धार्मिक मान्यता प्राप्त है। दोनों स्थलों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। खासकर रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रेल सेवा उपयोगी साबित हो सकती है।

इस पहल को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सरयू और कमला नदियों के नाम से जुड़ी यह ट्रेन दोनों देशों की साझा विरासत और आस्था के रिश्ते को भी दर्शाती है। नरकटियागंज जंक्शन पर इसके आगमन ने श्रद्धालुओं के बीच नई उम्मीद और उत्साह का संचार किया।

रिपोर्ट- नागेंद्र प्रसाद