सुशासन दिवस पर संजय झा का नीतीश कुमार पर बड़ा दावा, विपक्ष को इन बदलावों की दी नसीहत
24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर पूर्ण कार्यकाल वाली सरकार की कमान संभाली थी। इसे लेकर मंगलवार को जदयू की ओर से पूरे बिहार में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है।
Bihar News : बिहार में सुशासन दिवस के मौके पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके शासनकाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि आज भी बिहार में नीतीश कुमार से बड़ा लोकप्रिय नेता कोई नहीं है। संजय झा ने कहा कि बिहार में शांति, कानून-व्यवस्था, विकास और आम लोगों के सम्मान की जो स्थिति बनी है, वह नीतीश कुमार की देन है।
मंगलवार को जदयू की ओर से पूरे बिहार में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। दरअसल, 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर पूर्ण कार्यकाल वाली सरकार की कमान संभाली थी। इस अवसर पर पार्टी राज्य के सभी 38 जिलों में 'सुशासन दिवस-नीतीश संवाद' कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
'नीतीश कुमार ने बदली बिहार की पहचान'
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार को जब बिहार की सत्ता मिली थी, उस समय राज्य के हालात किसी से छिपे नहीं थे। कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, समाज में नफरत का माहौल था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल थे। उन्होंने कहा कि आज बिहार के लोग शांतिपूर्वक रह रहे हैं और दूसरे राज्यों में भी बिहार के लोगों को सम्मान मिल रहा है। यह बदलाव नीतीश कुमार की देन है।
उन्होंने कहा कि बिहार में अगर विकास हुआ है और सुशासन की पहचान बनी है तो इसका श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। उनके मुताबिक, राज्य की बदली हुई तस्वीर उनके लंबे कार्यकाल का परिणाम है।
विपक्ष को राजनीति और संस्कृति बदलने की सलाह
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी राजनीति और राजनीतिक संस्कृति में बदलाव करना चाहिए। नीतीश कुमार के सुशासन को लेकर जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, उसे जनता स्वीकार नहीं करना चाहती। संजय झा ने कहा कि यह विपक्ष के लिए उनकी सलाह है कि वह अपनी राजनीति और कार्यशैली बदले। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से जनता बार-बार विपक्ष को खारिज कर रही है।
नीतीश कुमार की लोकप्रियता पर किया बड़ा दावा
संजय झा ने अपने बयान में नीतीश कुमार की लोकप्रियता का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि आज भी बिहार में उनसे बड़ा लोकप्रिय नेता कोई नहीं है। सुशासन दिवस के मौके पर दिए गए इस बयान को जदयू की ओर से नीतीश कुमार के राजनीतिक नेतृत्व और उनके शासनकाल की उपलब्धियों को सामने रखने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।