Bihar Bus Fire: पुल पर धू-धू कर जलने लगी यात्री बस, कूद कर भागने लगे यात्री
Bihar Bus Fire: यात्रियों से भरी निजी बस मंगलवार की अहले सुबह बांका जिले के पंजवारा पुल पर भीषण अग्निकांड का शिकार हो गई।...
Bihar Bus Fire: गोड्डा से भागलपुर जा रही यात्रियों से भरी निजी बस मंगलवार की अहले सुबह बांका जिले के पंजवारा पुल पर भीषण अग्निकांड का शिकार हो गई। अचानक ब्रेक लगाने के बाद इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। हालांकि, चालक और सहचालक की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, श्रीहरि नामक निजी बस रोजाना की तरह यात्रियों को लेकर गोड्डा से भागलपुर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे पंजवारा पुल के समीप अचानक ब्रेक लगाने के बाद बस के इंजन में शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके बाद इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक और सहचालक ने तत्काल बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। अफरा-तफरी के बीच सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के उतरते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
इस घटना के बाद यात्री बसों में सुरक्षा इंतजामों और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण होने चाहिए, ताकि आग लगने की स्थिति में शुरुआती दौर में ही उस पर काबू पाया जा सके। हालांकि, संबंधित बस में अग्निशमन यंत्र मौजूद था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। दमकल की मदद से आग बुझा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट