Chhath Puja 2026 : बगहा में छठ महापर्व पर घर लौट रहे व्रतियों का प्रशासन ने किया भव्य स्वागत, अंगवस्त्र और फूल भेंट कर जताया सम्मान
Chhath Puja 2026 : बगहा से एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जहां लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर घर लौट रहे छठव्रती श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया......पढ़िए आगे
BAGAHA : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार के बगहा से एक बेहद खूबसूरत और दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। पर्व मनाने के लिए प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से अपने पैतृक घर लौट रहे छठव्रती श्रद्धालुओं का अनुमंडल प्रशासन और नगर परिषद की ओर से अनूठे अंदाज में स्वागत व अभिनंदन किया गया। प्रशासन की इस साहसिक और संवेदनशील पहल के तहत घर लौट रही छठव्रती महिलाओं और पुरुषों को अंगवस्त्र तथा गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया।
बगहा में की गई इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य महापर्व के इस पवित्र अवसर पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति अपनी श्रद्धा, आत्मीयता और सम्मान प्रकट करना था। इस दौरान बगहा की अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चांदनी कुमारी, नगर परिषद की उपसभापति रश्मि रंजन एवं कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार सहित अन्य कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खुद आगे बढ़कर घर लौट रहे व्रतियों का स्वागत किया, जिससे श्रद्धालुओं के चेहरे पर एक अलग ही प्रसन्नता और संतोष देखने को मिला।
प्रशासन की इस गर्मजोशी और आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर छठव्रतियों ने भी खुशी जाहिर की और इस सकारात्मक पहल की भूरी-भरी प्रशंसा की। आमतौर पर त्योहारों के दिनों में प्रशासनिक अमला सिर्फ विधि-व्यवस्था और ट्रैफिक संभालने तक सीमित रहता है, लेकिन बगहा प्रशासन की यह मानवीय पहल जन-सरोकार और त्योहार की संस्कृति का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करती है।
छठ महापर्व को लेकर बगहा में जहाँ एक तरफ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं, वहीं इस स्वागत समारोह ने पूरे इलाके में त्योहार के उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है। इस अनूठी पहल से यह संदेश गया है कि जिला प्रशासन न केवल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि पर्व मनाने आ रहे हर एक श्रद्धालु के हरसंभव सम्मान और सुविधा के लिए भी पूरी तरह तत्पर है।
नागेन्द्र की रिपोर्ट