Motihari Chhath Puja 2026: मोतिहारी में शांतिपूर्ण छठ के लिए 1029 स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस तैनात, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश

मोतिहारी में छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 1029 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

Motihari Chhath Puja 2026 security arrangements
तिहारी में छठ महापर्व पर प्रशासन मुस्तैद,डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश- फोटो : Reporter

मोतीहारी (पूर्वी चंपारण): लोक आस्था के महापर्व छठ व्रत को पूरी तरह शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर (डीएम) सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त रूप से मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र के अलावा ढाका, रक्सौल समेत विभिन्न अनुमंडलों के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ महापर्व, डीएम-एसपी ने जारी किया संयुक्तादेश

मोतीहारी डीएम सौरभ सुमन यादव एवं एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, इस वर्ष लोक आस्था का यह महान पर्व 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ आरंभ हुआ है। इसके तहत 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को षष्ठी अर्घ्य (संध्या अर्घ्य) तथा 16 नवंबर को सप्तमी अर्घ्य (प्रातःकालीन अर्घ्य) संपन्न होगा। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रमुख छठ घाटों और भीड़भाड़ वाले बाजारों व नगर क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।


सादे लिबास में पुलिस की तैनाती और संवेदनशील घाटों पर एसडीआरएफ व आपदा मित्र मुस्तैद

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद बनाने के लिए जिले के महत्वपूर्ण और संवेदनशील छठ घाटों पर सादे लिबास (सिविल ड्रेस) में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा चिन्हित किए गए प्रमुख घाटों पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और आपदा मित्रों को भी तैनात किया गया है। शहरी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और घाटों की गतिविधियों पर सतत निगरानी के लिए विशेष सेक्टरों का गठन कर सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।


पटाखा ब्रिकी पर रोक, निजी नावों के परिचालन पर प्रतिबंध और क्यूआरटी का गठन

छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं। छठ घाटों और पूजा स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार के पटाखे बेचने तथा छोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। सुरक्षा कारणों से पानी में निजी नावों के परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। पर्व को शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष तौर पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो किसी भी आपात सूचना पर तुरंत हरकत में आएगी।


जिले के 1029 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात, सुरक्षा का व्यापक दायरा

छठ पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारित करने के लिए जिले भर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों और छठ घाटों पर कुल 1029 स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, मोतिहारी अनुमंडल में 296, पकड़ीदयाल में 114, अरेराज में 235, चकिया में 117, सीकरहना में 218 और रक्सौल अनुमंडल में 49 स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात किए गए हैं। साथ ही थानाध्यक्षों को अपने स्तर से भी आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बलों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।


24 घंटे क्रियाशील रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष और 22 अतिरिक्त कंट्रोल रूम

आपातकालीन सूचनाओं और सहायता के लिए जिला स्तर पर 24 घंटे क्रियाशील रहने वाला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06252-242418 है। इसके अतिरिक्त व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोतिहारी अनुमंडल में 10, सिकरहना में 3, चकिया में 2, पकड़ीदयाल में 2, अरेराज में 2 और रक्सौल अनुमंडल में 3 स्थानों सहित कुल 22 जगहों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए गए हैं ताकि किसी को भी कोई असुविधा न हो।


वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी से निगरानी, अफवाहों पर पैनी नजर

भीड़भाड़ के दौरान अफवाहों के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी अनियंत्रित स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों पर आवश्यकतानुसार वाच टावर, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है। घाटों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था, आवागमन के लिए अतिरिक्त सुरक्षित रास्ते और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सूचनाएं प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोग घाट पर पटाखे न छोड़ें।


स्वास्थ्य, अग्निशामक, बिजली और गोताखोरों की विशेष व्यवस्था सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ सभी प्रमुख घाटों पर एम्बुलेंस और आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ मेडिकल टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अग्निशामक विभाग को वाहन मुस्तैद रखने तथा विद्युत विभाग को घाटों पर लाइटिंग व वायरिंग की जांच करने को कहा गया है। सभी अंचलाधिकारियों को खतरनाक तालाबों व नदियों के घाटों पर मोटर बोट, गोताखोर, महाजाल, रस्सा और लाइफ जैकेट के साथ नाविकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मोतीहारी से हिमांशु की रिपोर्ट