Banka News:एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 145 किलो गांजा और 3.60 लाख नकद के साथ 2 महिलाओं समेत 5 तस्कर गिरफ्तार
बांका में छठ महापर्व से पहले बांका पुलिस का बड़ा एक्शन, एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर अमरपुर में पुलिस ने छठ महापर्व से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 किलो गांजा, 3.60 लाख नकद और मोबाइल के साथ दो महिलाओं समेत 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बांका: बिहार के बांका जिले में छठ महापर्व से ठीक पहले नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार के सख्त निर्देशों के बाद बांका पुलिस ने अमरपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 145 किलोग्राम भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही मौके से 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस सनसनीखेज कार्रवाई से जिले के तस्करों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर अमरपुर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी
बांका एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में इन दिनों जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमरपुर थाना क्षेत्र के खेमीचक गांव और अमरपुर बाजार इलाके में अवैध रूप से गांजे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के पुख्ता सत्यापन के बाद बांका सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमर विश्वास के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
तीन पुरुष और दो महिलाएं गिरफ्तार, कई आरोपित पहले भी जा चुके हैं जेल
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल पांच आरोपितों को धर दबोचा, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान महेश भगत, मोनू भगत, अजीत भगत, बुच्ची देवी और अर्चना देवी के रूप में की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इनमें से कुछ आरोपित पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं। इससे साफ होता है कि वे लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे और जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से तस्करी कर रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
यह पूरी छापेमारी अभियान बांका सदर एसडीपीओ अमर विश्वास और अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में अंजाम दिया गया। इस दौरान अमरपुर के अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा भी प्रशासनिक रूप से मौजूद रहे। इस बड़ी कार्रवाई में सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, अमरपुर थाने के एसआई कन्हैया कुमार, शरद, श्रीकांत, सुशील कुमार, नीति कुमारी समेत कई थानों के पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस, पूछताछ जारी
इस संबंध में जानकारी देते हुए बांका सदर एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि एसपी के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार सभी पांचों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस बात का खुलासा हो सके कि वे इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई कहां-कहां की जाती थी। छठ महापर्व से पहले पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट