श्रावणी मेला 2025 का भव्य शुभारंभ, सुल्तानगंज से देवघर तक उमड़ी आस्था की जनलहर, बांका में कांवरियों के लिए विशेष इंतजाम

Sharvani fair 2025 - श्रावणी मेले का आज बांका से शुभारंभ हो गया। सुल्तानगंज से देवघर जानेवाले मार्ग का 55 किमी का हिस्सा बांका जिले से गुजरता है। इस दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बांका को विकसित जिला बनाने की घोषणा की।

दीप जलाकर श्रावणी मेले का हुआ उद्घाटन- फोटो : चंद्रशेखर कुमार भगत

Banka - सावन मास शुरू होने के साथ ही बिहार में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की शुरुआत सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम से बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर हो गई। शुक्रवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज कुशवाहा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संयुक्त रूप से बांका जिले के प्रवेश द्वार धौरी में विधिवत दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन से पूर्व उपमुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों को जिला प्रशासन द्वारा अंग वस्त्र एवं पौधा भेंट किया। इस उद्घाटन के मौके पर एमएलसी विजय सिंह, बेलहर विधायक मनोज यादव, बांका विधायक रामनारायण मंडल, कटोरिया विधायक निक्की हेंब्रम  सहित कई लोग मौजूद थे। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बांका जिला को एक विकसित जिला बनाया जाएगा। यहां परमाणु विद्युत संयंत्र का निर्माण होगा।  सुल्तानगंज से गंगा नदी से पानी लाकर हनुमाना डैम में स्टोर कर ओढ़नी डैम की तरह विकसित किया जाएगा।  ताकि गंगा का पानी बांका जिले के लोगों को आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही एक सप्ताह के अंदर बदुआ नदी पर एक उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

कांवरिया पथ पर बांका क्षेत्र में क्या है व्यवस्था

श्रावणी मेला 2025 में विधि व्यवस्था संधारण, कावड़ियों की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण इत्यादि पहलुओं पर बांका जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। जानकारी हो की सुल्तानगंज से देवघर की दूरी 105 किलोमीटर है। जिनमें अकेले बांका जिले की सीमा करीब 55 किलोमीटर है। जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक, बांका उपेंद्रनाथ वर्मा द्वारा अबरखा धर्मशाला के पास प्रेस ब्रीफिंग करते हुए बताया कि श्रावणी मेला 11 जुलाई  से 09 अगस्त तक चलेगी। कांवरिया पथ पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु वरीय दंडाधिकारी/दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।  पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल, लाठी बल, गृह रक्षक, महिला बल एवं सादे लिबास में बलों एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सभी संवेदनशील स्थानों एवं मार्गों पर की जाएगी। 

यातायात एवं अत्यधिक भीड़ के दबाव के स्थानों पर बैरिकेडिंग, ड्रॉपगेट इत्यादि की व्यवस्था संबंधित अंचल अधिकारी द्वारा की गई है। इसके साथ साथ सावन माह के दौरान प्रत्येक सोमवारी के समय अत्यधिक भीड़ को रेगुलेट करने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। जिला पदाधिकारी द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया धर्मशाला में की गई है। जिला नियंत्रण कक्षा का वरीय प्रभार जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी को दिया गया है। किसी भी समस्या के लिए उनसे 9431236388 पर संपर्क किया जा सकता है। नियंत्रण कक्ष में दूरभाष कक्ष, वितंतु और अग्निशमन दस्ता मौजूद रहेगा। दूरभाष संख्या-06425-250316 पर संपर्क किया जा सकता है। 

इसके अलावा कटोरिया एवं जिलेबिया मोड़ धर्मशाला के समीप उप नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जिनका दूरभाष संख्या 06424- 250325 तथा 06427 - 250327 है। उपनियंत्रण कक्ष का के प्रभारी भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार तैनात रहेंगे जिनके मोबाइल नंबर 9031671667 है। यहां उपस्थित सभी पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल एवं जनप्रतिनिधि को किसी प्रकार की जानकारी, सहायता एवं समस्या आदि की जानकारी देने की बात कही गई। जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा सभी समस्याओं का निष्पादन संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर किया जाएगा। वही श्रावणी मेला को लेकर बांका जिला मुख्यालय में एक नियंत्रण कक्ष 24x7 कार्य करेगा जिसकी निगरानी एसडीओ राजकुमार के द्वारा की जाएगी। 

कांवरियों की सुरक्षा को लेकर अस्थाई थाना कार्यरत

संपूर्ण कांवरिया पथ में विधि व्यवस्था संधारण हेतु 20 अस्थाई थानों का निर्माण किया गया है। सभी अस्थाई थाना के थानाध्यक्षों की यह जवाबदेही होगी कि कांवरिया पथ पर किसी तरह का अपराधिक घटना घटित होती है या कोई विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होती है तो अस्थाई थानों के पदाधिकारी एवं कर्मी त्वरित कार्रवाई करेंगे। कांवरिया पथ पर ड्रोन कैमरा घूरसावा दस्त सादे निवास में पुलिसकर्मी पैदल गस्ती करेंगे। साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी, बांका के द्वारा कांवरिया पथ में चिन्हित  ब्लैक पॉइंट/दुर्घटना प्रबल जोन में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रख रहे है एवं राजस्व शाखा द्वारा इन क्षेत्रों में अतिरिक्त जनरेटर की व्यवस्था की गई है।

अस्थाई थाना

कांवरिया पथ पर सतलेटवा, कावरिया धर्मशाला राजवाड़ा रेलवे पुल के पास, कोल्हुआ भैरोपुर, देवासी, लक्ष्मण झूला मनिगढ़ी के पास, शिशुवन बेलवा, ईनारावरण, अफगढ़, धौरी, जिलेबिया मोड़ धर्मशाला, सवा लाख बाबा के पास अस्थाई यातायात थाना, लूला शिवलोक, बीच पहाड़ी, सुईया घुटिया रैनशेल्टर, अबरखा, भूल भुलैया धर्मशाला, सुग्गासार में रोड, दुम्मा बॉर्डर एवं गोढ़ीयारी में अस्थाई थाना का निर्माण किया गया है। इसके अलावा पांच जगह पर धौरी, जिलेबिया मोड़, कटोरिया,  सुईया,  दुम्मा बॉर्डर पर वॉच टावर लगाया गया है। जहां दो-दो सिपाही की प्रतिनियुक्ति की गई है। क्यूआरटी टीमको भी लगाया गया है। जो धौरी प्रवेश द्वार पर डोर मेटल डिटेक्टर के साथ जवानों को तैनात किया गया है। वहीं एचएचएमडी सेट से कांवरिया क्षेत्र में विस्फोटक एवं घटक वस्तुओं की जांच टीम तैनात की गई है।

कांवरिया पथ पर दुकानदारों का होगा रजिस्ट्रेशन

संबंधित क्षेत्र के अंचल अधिकारी कांवरिया पथ पर मौजूद सभी दुकानों का निबंधन करने का निर्देश दिया गया। सभी दुकानों में रेट चार्ट एवं डस्टबिन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, बांका लगातार छापामारी के माध्यम से दुकानों में बिक रही सामानों की जांच करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी दुकान में बासी या खराब खाना कावड़िया श्रद्धालुओं को ना दिया जाए। 

सफाई व्यवस्था की समुचित व्यवस्था 

कांवरिया पथ से संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने अधीनस्थ क्षेत्रों के कांवरिया मार्ग में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। अपने अपने क्षेत्र में स्वच्छता नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना करेंगे। जहां से सफाई व्यवस्था में मजदूरों की प्रतिनियुक्ति इत्यादि कार्यों का अनुश्रवण किया जा सके। साफ-सफाई हेतु छोटा मैजिक को स्वच्छता रथ का स्वरूप देकर उपयोग में लाएंगे। सिविल सर्जन, बांका समय-समय पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे एवं सफाई व्यवस्था में यदि किसी प्रकार की कमी हो तो उसे अपने स्तर से दूर करना सुनिश्चित करेंगे । वहीं संबंधित क्षेत्र के अंचलाधिकारी कावड़िया पथ पर लगने वाले सभी दुकानों में डस्टबिन एवं अग्निकांड से निपटने हेतु पर्याप्त मात्रा में बालू रखवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही डस्टबिन में दिन भर में पड़े कूड़े को रात में सुरक्षित जगह पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। 

कांवरिया बंधुओं के लिए चिकित्सा व्यवस्था 

श्रावणी मेला में 32 निर्धारित स्थलों पर कांवरिया यात्रियों की चिकित्सा व्यवस्था प्रदान करने हेतु सिविल सर्जन, बांका पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित किया गया है। सभी रोगियों का विवरण लेखा पंजी में संधारित किया जाएगा। सभी रोगियों से रोगी कल्याण समिति के नियमों के अनुसार पंजीकरण शुल्क लेंगे। शेष  चिकित्सा सुविधा निशुल्क रहेगी। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए 32 एंबुलेंस कांवरिया पद पर तैनात किया गया है। सभी चिकित्सा शिविरों में 50 चिकित्सा एवं 165 स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा ली गई है। ड्रग इंस्पेक्टर प्रतिदिन मेला क्षेत्र में भ्रमण करते हुए अवैध दवा विक्रेताओं एवं अवैध दवा की बिक्री की जांच करते हुए दैनिक प्रतिवेदन प्रतिदिन नियंत्रण कक्ष एवं सिविल सर्जन, बांका को उपलब्ध कराएंगे। कावड़िया पथ पर नीम हकीम द्वारा भी स्टॉल लगाकर कावड़िया श्रद्धालुओं के प्राथमिक उपचार करने की सूचना मिलती है। जिसकी सतत निगरानी रखेंगे एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के माध्यम से इस पर रोकथाम लगवाना सुनिश्चित करेंगे। ड्रग इंस्पेक्टर यह सुनिश्चित करेंगे कि एक्सपायर दवा का उपयोग किसी भी परिस्थिति में नहीं हो।  

कांवरिया पथ पर विद्युत व्यवस्था

कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बांका एवं अमरपुर द्वारा संपूर्ण कांवरिया मार्ग में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति हेतु आवश्यक व्यवस्था की गई है। 

अग्निशमन दस्ता की तैनाती 

 जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया/उप नियंत्रण, जिलेबिया मोड़ में 1-1 फायर ब्रिगेड की प्रतिनियुक्ति संपूर्ण श्रावणी मेला अवधि के लिए की गई है। साथ ही संपूर्ण कावड़िया पथ में अवस्थित पंडालों/ होटलों/ भोजनालयों की जांच कर फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य रूप से लगवाने हेतु सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया है।

कावड़िया पथ पर श्रद्धालुओं को चलने में नहीं होगी परेशानी

 कच्ची कांवरिया पथ पर पैदल चलने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने हेतु कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, बांका द्वारा संपूर्ण कांवरिया पथ में गंगा नदी का महीन बालू बिछवाया गया है। ताकि श्रद्धालुओं को पैदल चलने में परेशानी ना हो। 

बाल मजदूरी को लेकर प्रशासन चौकस

श्रावणी मेला के अवसर पर कांवरिया पथ पर लगाए जाने वाले दुकानों में बाल मजदूरों को रखकर उनसे कार्य लिया जाता है जो बाल श्रम उन्मूलन अधिनियम के उल्लंघन का घोतक है। अतः श्रम अधीक्षक, बांका सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी परिस्थिति में दुकानों में बाल मजदूर कार्य नहीं करें। इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

कांवरिया क्षेत्र में 13 वाहन पार्किंग की व्यवस्था

सड़क मार्ग द्वारा वाहनों से जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं के वाहनों को ठहराने हेतु बांका जिला अंतर्गत 13 जगहों पर पार्किंग स्थल बनाए गए है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट