सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए एसपी की बड़ी कार्रवाई, लापरवाह 46 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित व निरस्त
बांका जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस की पहल पर दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में दोषी पाए गए 46 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किए गए हैं..
Banka : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई है। यातायात थाना बांका की अनुशंसा और परिवहन विभाग की कार्रवाई के तहत सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में दोषी पाए गए 46 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त कर दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 27 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के बाद लापरवाह चालकों में हड़कंप मच गया है।
बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत भेजा गया था प्रस्ताव
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यातायात थाना बांका में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत दर्ज सड़क दुर्घटना के मामलों में आरोपित चालकों के विरुद्ध यह कदम उठाया गया है। यातायात पुलिस ने संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा था, जिसके आधार पर परिवहन विभाग ने दोषी चालकों के लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई पूरी की।
सूची में बांका के विभिन्न प्रखंडों समेत अन्य राज्यों के चालक भी शामिल
कार्रवाई की जद में आए 46 चालकों की सूची में अमरपुर, बाराहाट, रजौन, कटोरिया, धोरैया और पंजवारा समेत बांका जिले के विभिन्न क्षेत्रों के वाहन चालक शामिल हैं। इस सूची में प्रमोद यादव, दिलीप संगम, दीपक कुमार साह, भावेश कुमार, कैलाश यादव, ललित कुमार, तक्षशाय राजा, विनोद प्रसाद, सोनू यादव, मो. रहजान, विष्णु तांती उर्फ बिरेंद्र तांती, चिगा कुमार, मो. राशिद, मुकेश कुमार, प्रभाकर कुमार, मनीष कुमार, चुनचुन यादव, रामचंद्र महतो, राजीव यादव, रितेश सिंह, नवीन कुमार, सुरेश कुमार, राहुल मंडल, लड्डू यादव, मुकेश देव, गोलू कुमार, छोटू कुमार, रंजीत कुमार, रामलाल भरणी, इमरान, अवध किशोर यादव, मिश्रीलाल कुमार, कल्यानंद कुमार, मो. तनवीर, निभाई सिकदर, वासुदेव यादव, रवि कुमार पासवान, रविकांत शर्मा, रमेश कुमार, सुरेश मुर्मू, श्रवण कुमार, अवधेश कुमार सिंह और मोईन अंसारी के नाम दर्ज हैं, जबकि दो प्रविष्टियों में नाम अंकित नहीं है।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से निर्गत लाइसेंस वाले चालक भी प्रभावित
विभागीय जानकारी के अनुसार, जिन 46 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है, उनमें से कई चालकों के लाइसेंस बिहार के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से निर्गत हैं। जिले की सड़कों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बाहरी राज्यों के लाइसेंस धारकों पर भी सख्त कार्रवाई का यह कदम अहम माना जा रहा है।
तेज रफ्तार व नशे में वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी, सुरक्षा नियमों की अपील
एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में बांका पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाने और लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और लाइसेंस रद्द व निलंबित करने का अभियान आगे भी चलता रहेगा। साथ ही यातायात थाना बांका पुलिस ने आम नागरिकों से गति सीमा का पालन करने, दोपहिया पर हेलमेट व चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने तथा शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।