Bihar News : बांका में गांजा की बड़ी खेप और 3.60 लाख कैश पुलिस ने किया जब्त, दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar News : बांका पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में करीब 145 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही मौके से 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
BANKA : जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर बांका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अमरपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 145 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। छठ महापर्व से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से जिले में गांजा तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
दरअसल बांका एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमरपुर थाना क्षेत्र के खेमीचक गांव और अमरपुर बाजार में गांजे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बांका सदर एसडीपीओ अमर विश्वास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में गांजा, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महेश भगत, मोनू भगत, अजीत भगत, बुच्ची देवी और अर्चना देवी के रूप में हुई है। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में कुछ लोग पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। इससे इस अवैध कारोबार में उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच और तेज हो गई है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
पूरी छापेमारी की कार्रवाई बांका सदर एसडीपीओ अमर विश्वास और अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अमरपुर अंचलाधिकारी आकाशदीप सिन्हा की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। अभियान में सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, अमरपुर थाना के एस आई कन्हैया कुमार, शरद, श्रीकांत, सुशील कुमार, नीति कुमारी सहित अमरपुर एवं अन्य थानों के पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।
गांजा तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
इस संबंध में बांका सदर एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर अमरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 145 किलो गांजा, 3.60 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दो महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गांजे की खरीद-बिक्री, आपूर्ति और इससे जुड़े अन्य लोगों के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। छठ महापर्व से पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बांका पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट