बेगूसराय में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार पर जानलेवा हमला, सरकारी नोटिस फाड़कर रुपये छीने
बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक सरकारी चौकीदार पर जानलेवा हमला कर दिया...
Begusarai : बिहार के बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने ऑन-ड्यूटी एक सरकारी सेवक को अपना निशाना बनाया। थाना क्षेत्र में तैनात चौकीदार राहुल कुमार पर न सिर्फ जानलेवा हमला किया गया, बल्कि उनके साथ मारपीट कर सरकारी दस्तावेज फाड़ने और नकदी छीनने का भी गंभीर आरोप लगा है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में प्रशासनिक और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है।
सरकारी नोटिस तामिला कराने के दौरान घेराबंदी
घटना 31 मई 2026 की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित चौकीदार राहुल कुमार तेघड़ा थाने से मिले एक सरकारी नोटिस को तामिला कराने (पहुंचाने) के लिए अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही वह बरौनी-2 के वार्ड संख्या 3 के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी स्कूटी को जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए चौकीदार के हाथ से सरकारी नोटिस छीन लिया और उसे सरेआम फाड़ दिया।
लाठी-डंडों और फाइटर से हमला, सिर पर आई गंभीर चोट
जब चौकीदार राहुल कुमार ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और नोटिस फाड़ने का विरोध किया, तो आरोपित उग्र हो गए। उन्होंने चौकीदार को जान से मारने की नीयत से लाठी, डंडे और लोहे के फाइटर से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस बर्बर मारपीट में चौकीदार के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि अधमरी हालत में छोड़ते वक्त अपराधियों ने उनकी जेब में रखे 2100 रुपये भी जबरन छीन लिए।
पुरानी रंजिश के कारण वारदात, 4 नामजद समेत 7 पर FIR
चौकीदार के मुताबिक, पूर्व में दर्ज कुछ मामलों में पुलिस द्वारा की गई छापेमारी और कानूनी कार्रवाई के कारण ये अपराधी उनसे खार खाए हुए थे और इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, तो सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल चौकीदार को अनुमंडलीय अस्पताल, तेघड़ा में भर्ती कराया। मामले को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार, सूरज कुमार उर्फ बैला, शुभम कुमार और सूरज कुमार सहित 4 नामजद और 3 अज्ञात (कुल 7) लोगों के खिलाफ कांड संख्या 257/26 दर्ज की है।
कानून के रखवालों पर हमले से सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर मैदानी स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम एक सरकारी कर्मचारी को लहूलुहान कर देना अपराधियों के बेखौफ हौसलों को दर्शाता है। फिलहाल तेघड़ा थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अब देखना होगा कि कानून के रखवाले पर हाथ उठाने वाले इन बदमाशों को पुलिस कब तक सलाखों के पीछे भेजती है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट