जीडी कॉलेज के प्राचार्य पर भड़का NSU I: 'भविष्य से खिलवाड़ और गंदगी का अंबार', बेगूसराय के इस 'धरोहर' को बचाने के लिए आंदोलन की चेतावनी

बेगूसराय के जी०डी० कॉलेज में गंदगी और प्राचार्य की लापरवाही को लेकर एनएसयूआई ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जारी रहा तो कॉलेज प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

Begusarai  - : जिले के गौरव और विश्वविद्यालय के शीर्ष कॉलेजों में शुमार जी०डी० कॉलेज (GD College) की बदहाली को लेकर एनएसयूआई ने कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य डॉ० भोपेंद्र नारायण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि प्राचार्य की लापरवाही के कारण कॉलेज के लगभग 40 हजार छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।

ताले में बंद प्राचार्य कक्ष और कचरों का अंबार 

एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजा कुमार ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कॉलेज खुला रहने के बावजूद प्राचार्य कक्ष के दरवाजे पर प्रतिदिन ताले लटके नजर आते हैं, जो उनकी कार्यशैली के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस कॉलेज को पढ़ाई का केंद्र होना चाहिए, वहां आज कचरों का अंबार लगा हुआ है। हालात इतने बदतर हैं कि कॉलेज परिसर में शहर भर का कचरा फेंका हुआ प्रतीत होता है।

शौचालयों में अवैध सामग्री और धूमिल होती सुंदरता 

संगठन के सचिव पवन कुमार ने कॉलेज की वर्तमान स्थिति पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि छात्र-छात्राओं के शौचालय की जगहों पर न केवल गंदगी है, बल्कि वहां गैर-कानूनी और अवैध सामग्री भी बरामद हो रही है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की शान माने जाने वाले इस कॉलेज की सुंदरता प्राचार्य की मनमानी की वजह से पूरी तरह धूमिल हो चुकी है।

NSUI ने दी रोषपूर्ण आंदोलन की चेतावनी 

पवन कुमार ने संगठन की ओर से कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एनएसयूआई विगत कई वर्षों से कॉलेज की बेहतरी के लिए प्रदर्शन करती आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आगामी कुछ दिनों में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन प्राचार्य की मनमानी के खिलाफ उग्र और रोषपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। 

Report - ajay shastri