Begusarai job camp: बिहार के इस जिले में लगने जा रहा है जॉब कैंप! 100 पदों पर होगी भर्ती

Begusarai job camp: बेगूसराय में 15 मई 2026 को जॉब कैंप लगेगा। 12वीं, ITI और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए 100 पदों पर भर्ती होगी।

बेगूसराय में रोजगार मेला- फोटो : social media

Begusarai job camp: बिहार के बेगूसराय और आसपास के जिलों में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय बेगूसराय की ओर से 15 मई 2026 को जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिला नियोजनालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यह जॉब कैंप संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई कैंपस, पन्हास में लगाया जाएगा। इस कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी Vision India Pvt Ltd भाग ले रही है। कंपनी के माध्यम से Ultraviolette कंपनी के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा।

इस जॉब कैंप में Assembly Line Operator पद के लिए भर्ती की जाएगी। कुल 100 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को कॉरपोरेट सेक्टर में कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर काम करने का मौका मिलेगा। नौकरी का स्थान जिगानी, बेंगलुरु रखा गया है। जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने बताया कि कैंप में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का NCS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को 15 मई की सुबह 10:30 बजे अपने बायोडाटा और जरूरी दस्तावेजों के साथ कैंप स्थल पर पहुंचना होगा।

कंपनी ने आवेदन के लिए किसे पात्र माना है?

कंपनी ने आवेदन के लिए 12वीं पास, आईटीआई और डिप्लोमा पास युवाओं को पात्र माना है। उम्मीदवारों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए।चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 17,501 रुपये से लेकर 23,138 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा PF, ESI और सब्सिडाइज्ड कैंटीन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंक पत्र और पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लेकर आना होगा। जिला नियोजन विभाग के JSA राहुल कुमार ने बताया कि जिला नियोजनालय केवल सेवा प्रदाता की भूमिका में काम करेगा। नौकरी से जुड़ी जरूरी जानकारी और सवालों के लिए उम्मीदवार कैंप स्थल पर अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।