अब बिहार में नहीं होगी कुर्सी की किल्लत! दूसरे राज्यों के भरोसे कुर्सी पर नहीं बैठेंगे बिहारी, सीएम नीतीश ने किया शुभारंभ
नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड के निदेशक राजेश सुरेका और ऋषभ सुरेका ने नीतीश कुमार सहित अन्य अतिथियों को इस औद्योगिक इकाई में निर्मित होने वाले उत्पाद की जानकारी दी.
Nature Plastic Factory : बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई. बिहार में अब कुर्सी निर्माण का संयंत्र शुरू हुआ है. इससे बिहारियों को अब दूसरे राज्य में निर्मित कुर्सी के भरोसे नहीं रहना होगा. यानी बिहार में अब लोग अपने राज्य में बनी प्लास्टिक कुर्सी पर बैठेंगे. बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का उद्घाटन किया.
नेचर पॉलीप्लास्ट के संयंत्र में प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल, स्टूल, बाल्टी, मग, बॉक्स, डस्टबीन, डिब्बे सहित कई तरह के प्लास्टिक से बने उत्पाद निर्मित होंगे. बड़े स्तर पत्र स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ ही परोक्ष रूप से कई लोग विभिन्न व्यापार के माध्यम से लाभान्वित होंगे. यह बिहार में अपनी किस्म का पहला उद्योग है जहां प्लास्टिक से निर्मित कई उत्पादों का निर्माण होगा और स्थानीय बाजार सहित अन्य राज्यों में इसकी आपूर्ति होगी.
नेचर प्लास्टिक फैक्टरी का उद्घाटन सीएम नीतीश ने किया. वहीं उप मुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई नेता मौजूद रहे. नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड के निदेशक राजेश सुरेका और ऋषभ सुरेका ने नीतीश कुमार सहित अन्य अतिथियों को इस औद्योगिक इकाई में निर्मित होने वाले उत्पाद की जानकारी दी. सीएम नीतीश ने नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड की पहल को बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण आयाम बताया.