Bihar News : बेगूसराय में आयोजित परीक्षा में हाईटेक नकल का भंडाफोड़, कान में फिट था ब्लूटूथ, गिरोह के 5 सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : बेगूसराय में पुलिस ने पांच मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के मुताबिक परीक्षा में कान में ब्लूटूथ लगाकर चोरी की जा रही थी. जिसकी भनक पुलिस को लग गयी......पढ़िए आगे

मुन्ना भाई गिरफ्तार - फोटो : AJAY SHASTRI

Begusarai : बेगूसराय में एक अनोखे तरीके से नकल कराने का मामला सामने आया है, जिसमें कान में छिपाए गए ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सीताराम राय प्लस टू विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर पुलिस को पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। 

इसी आधार पर पुलिस टीम केंद्र के आसपास निगरानी कर रही थी। जांच के दौरान एक परीक्षार्थी अभिषेक रंजन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जो बार-बार अपने कान को छू रहा था। शक होने पर जब उसकी जांच की गई तो उसके कान में ब्लूटूथ डिवाइस छिपा हुआ मिला। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस नकल गिरोह में कई लोग शामिल थे, जो बाहर से प्रश्नों के उत्तर बता रहे थे। 

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया, जो इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। ये सभी आरोपी मिलकर परीक्षा में नकल कराने की साजिश रच रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का मकसद आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर परीक्षा प्रणाली को प्रभावित करना था। हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी गड़बड़ी को टाल दिया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।

इस घटना के बाद प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नकल के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट