Bihar Teacher News : बेगूसराय में शराब के नशे में नर्तकी संग जमकर थिरके 'रंगीन मिजाज' हेडमास्टर साहब, वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल

Bihar Teacher News : बेगूसराय में रंगीन मिजाज हेडमास्टर साहब डांसर पर पैसे लुटाते नजर आये. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है..........पढ़िए आगे

रंगीन मिजाज हेडमास्टर - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : बिहार में जहाँ एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कड़े नियम और अनुशासन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ शिक्षक इन दावों की धज्जियाँ उड़ाने में लगे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड से सामने आया है, जहाँ एक प्रभारी प्रधानाध्यापक का अमर्यादित व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने शिक्षा जगत की गरिमा को तार-तार कर दिया है, जिससे विभाग की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर आर्केस्ट्रा की नर्तकी के साथ न केवल ठुमके लगा रहा है, बल्कि उन पर खुलेआम नोट भी उड़ा रहा है। इस व्यक्ति की पहचान साहेबपुरकमाल प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नया जाफर नगर के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुनील कुमार के रूप में की गई है। वीडियो में हेडमास्टर साहब जिस तरह से झूमते नजर आ रहे हैं, उसे देखकर साफ पता चलता है कि उन्हें न तो अपने पद की मर्यादा का ख्याल है और न ही राज्य में लागू शराबबंदी कानून का कोई डर।

एक ओर जहाँ बिहार के सरकारी स्कूलों में छात्रों के बेहतर भविष्य और अनुशासन के लिए नए-नए फरमान जारी किए जा रहे हैं, वहीं स्कूल की कमान संभालने वाले जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति का ऐसा आचरण बेहद चिंताजनक है। शिक्षा के मंदिर का नेतृत्व करने वाले गुरुजी का यह 'रंगीन मिजाज' अवतार देख अभिभावक और शिक्षा प्रेमी स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर स्कूल के मुखिया ही इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त रहेंगे, तो नई पीढ़ी पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद अब सबकी नजरें शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर टिकी हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शराबबंदी वाले राज्य में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाला विभाग अपने इस 'मस्त' हेडमास्टर पर क्या कड़ा एक्शन लेता है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट