Bihar News: खाकी पर लगा हत्या का दाग! बेगूसराय में युवक की संदिग्ध मौत,परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप

Bihar News: बिहार के बेगूसराय में युवक की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पुलिस के द्वारा पीछा करने के समय अचानक युवक बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई।

युवक की हत्या - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़पूरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुहरसो (कुमारसो) गांव में देर शाम पुलिस गश्ती के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव निवासी कपिल देव महतो के पुत्र ललित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जहां इसे संदिग्ध गतिविधि के दौरान भागने के क्रम में हुई मौत बता रही है, वहीं परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार देते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार 24 फरवरी 2026 की शाम गश्ती के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक कुहरसो की ओर से आते दिखे। पुलिस वाहन देखकर वे रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूरी पर दोनों ने बाइक छोड़ दी और कच्चे रास्ते से पैदल भागने लगे। पुलिस का कहना है कि इस दौरान एक युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा युवक कुछ दूर जाकर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत सदर अस्पताल बेगूसराय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल, लगभग 15 लीटर विदेशी शराब और 375 एमएल की आठ टूटी बोतलें बरामद की गईं। मामले में बिहार निषेध एवं उत्पाद शुल्क अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस का पक्ष

बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि भागने के दौरान ललित कुमार को किसी कारणवश चोट लगी। पुलिस ने मानवीय आधार पर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक मनीष मौके पर पहुंचे और जांच की समीक्षा की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।

साजिश के तहत हत्या

परिजनों ने पुलिस के दावे को खारिज करते हुए कहा कि ललित कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और शराब के धंधे से उसका कोई संबंध नहीं था। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई को सही ठहराने के लिए शराब बरामदगी और चोट लगने की कहानी गढ़ी जा रही है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे “साजिश के तहत हत्या” बताया है।

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम

घटना के बाद कुमारसो और आसपास के गांवों में आक्रोश है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, बेगूसराय में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ कराया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन जांच और कानूनी प्रक्रिया में जुटा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत दुर्घटनावश हुई या परिजनों के आरोपों में सच्चाई है।

बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट