बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर बरसे प्रशांत किशोर, जिले जर्जर सड़क के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को घेरा

बेगूसराय में आयोजित जनसुराज के कार्यकर्ता कार्यशाला में शामिल होने पहुंचे पार्टी के सूत्रधार व विधायक प्रशांत किशोर ने प्रदेश की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा....

बिहार की एनडीए सरकार पर जमकर बरसे प्रशांत किशोर- फोटो : अजय शास्त्री

Begusarai : जिले में जनसुराज कार्यकर्ता कार्यशाला कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जनसुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का पारा चढ़ा दिया है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने का पुरजोर आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए।


मधुबनी मामले में एएसआई पर सख्त कार्रवाई की मांग

मधुबनी में एएसआई से जुड़ी घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जनसुराज की टीम पूरे मामले की फीडबैक ले रही है और फिलहाल कानूनी कार्रवाई का इंतजार कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि आरोपी एएसआई के खिलाफ उचित कार्रवाई और गिरफ्तारी नहीं होती है, तो जनसुराज सड़क से लेकर सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी। कानून के रखवालों पर आरोप लगने की स्थिति में निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।


जर्जर सड़क के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को घेरा

बेगूसराय के वीरपुर प्रखंड के पादरा इलाके में जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा जनप्रतिनिधियों के नाम पर गड्ढों का प्रतीकात्मक कुंड बनाए जाने के वायरल वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी। प्रशांत किशोर ने कहा कि बेगूसराय की जनता ने गिरिराज सिंह को भारी मतों से सांसद और केंद्रीय मंत्री बनाया। ऐसे में जनता यदि उनसे विकास कार्यों का हिसाब मांगती है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। जनता अपने जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है।


बागी सदस्यों के भाजपा में शामिल होने पर कानूनी लड़ाई के संकेत

भाजपा में बागी सदस्यों के शामिल होने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि संविधान इस तरह की प्रक्रिया की अनुमति नहीं देता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में फिलहाल विधान परिषद के सभापति के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। यदि निर्णय संतोषजनक नहीं रहा, तो जनसुराज इस मुद्दे को लेकर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट