Bihar Politics: आरजेडी विधायक बोगो सिंह का पावरफुल ब्लास्ट, एनडीए सरकार को बताया गुंडों का सिंडिकेट, सीएम सम्राट को दी खुली चेतावनी,कहा-ज्यादा उछलिए मत!

Bihar Politics: बिहार के सियासी अखाड़े में आरजेडी के दबंग विधायक बोगो सिंह ने एनडीए सरकार के खिलाफ ऐसा तीखा हमला जारी किया है, जिससे पटना से लेकर बेगूसराय तक हड़कंप मच गया है। ...

बोगो सिंह का पावरफुल ब्लास्ट- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार के सियासी अखाड़े में आरजेडी के दबंग विधायक बोगो सिंह ने एनडीए सरकार के खिलाफ ऐसा तीखा हमला जारी किया है, जिससे पटना से लेकर बेगूसराय तक हड़कंप मच गया है। मटिहानी से विधायक बोगो सिंह ने सरकार के सुशासन और ज़ीरो टॉलरेंस के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए साफ कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने अधिकारियों और सत्ता में बैठे रसूखदारों के गठबंधन पर सीधा वार किया है।

आरजेडी विधायक ने सूबे में कानून-व्यवस्था केखराब स्थिति पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने हाल ही में जहानाबाद और खुद बेगूसराय में बेटियों के साथ हुए जघन्य अपराधों का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ जो जघन्य अन्याय हुआ है, उसके पीछे सत्ता के संरक्षण में पल रहे सफेदपोश गुंडे शामिल हैं। यही वजह है कि एनडीए राज में इन बेगुनाह बेटियों को आज तक इंसाफ नहीं मिला और कातिल व दरिंदे सरेआम घूम रहे हैं।

बोगो सिंह ने सरकार के उन दावों को भी बेनकाब किया जिसमें गरीबों को जमीन देने की बातें की जाती हैं। सरकार ने सभी आला पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दे रखा है कि महादलित, अतिपिछड़ा और भूमिहीन परिवारों को हर हाल में जमीन मुहैया कराई जाए। विधायक ने आरोप लगाया कि बेगूसराय में आज भी ऐसे सैकड़ों गरीब परिवार दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, जिन्हें अपने हक की जमीन की दरकार है। अफसरों और बिचौलियों के रैकेट ने इस योजना को ठप कर रखा है।

सीएम सम्राट चौधरी को अल्टीमेटम देते हुए बोगों सिंह ने कहा कि कुर्सी पर पहले से कुंडली है! बोगो सिंह ने सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमला साधा और उन्हें बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आप बिहार के सीएम रहें या पूर्व डिप्टी सीएम, कहलाएंगे तो पूर्व ही! इसलिए सत्ता के नशे में ज्यादा उछलिए मत। जमीन पर सुशासन का असली राज कायम कीजिए, वरना याद रखिए कि आपकी इस कुर्सी पर पहले से ही कई लोगों ने कुंडली मार रखी है। आरजेडी विधायक के इस वार के बाद अब देखना यह है कि एनडीए खेमे के प्रवक्ता पलटवार में कौन से गोले दागते हैं।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री