Bihar Crime : बेगूसराय में सनसनी, कैथमा-सीहमा बांध पर मिला युवक का सिर कटा शव, इलाके में दहशत का माहौल

बाँध पर मिला शव - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथमा-सीहमा स्थित बांध पर शनिवार को एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। शव की स्थिति देखकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय सदर डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांध के किनारे शव पड़े होने की सूचना सुबह लोगों को मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। युवक का सिर धड़ से अलग होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की बात कही है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके। सदर डीएसपी आनंद पांडे ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट