Bihar News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जिसे बताया था 'दबंग', उस नामजद आरोपी को फुच्चा सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कई महीने से था फरार

Bihar News : जिस व्यक्ति को कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव ने दबंग बताया था. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधी पर कई मामले दर्ज हैं.......पढ़िए आगे

दबंग गिरफ्तार - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : मुफस्सिल थाना पुलिस ने मोहनपुर कांड के मुख्य नामजद आरोपी राजेश कुमार उर्फ फुच्चा सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर खम्हार गांव में छापेमारी कर उसे दबोचा। फुच्चा सिंह काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

यह मामला तब गरमाया था जब बीते दिनों चौकीदार के साले की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसमें फुच्चा सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया था। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया था। इसके साथ ही मोहनपुर गांव में जिला परिषद सदस्य के घर पर हुए हमले और शोर-शराबे की घटना ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया था।

इस आपराधिक मामले ने उस समय राजनीतिक मोड़ ले लिया, जब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद मोहनपुर के किल्ली गांव पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने फुच्चा सिंह का नाम लेते हुए उसे इलाके का 'दबंग' करार दिया था। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा था कि क्षेत्र में किसी की भी दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कानून को सख्ती से काम करना चाहिए।

तेजस्वी यादव के बयान और घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय इस पर नजर बनाए हुए था। जिला पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार, मुफस्सिल थाना पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी को बेगूसराय पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इस मामले में प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे थे।

फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपी फुच्चा सिंह से पूछताछ कर रही है ताकि कांड से जुड़े अन्य तथ्यों और फरार आरोपियों का सुराग मिल सके। गिरफ्तारी के बाद मोहनपुर और आसपास के इलाकों में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। 

अजय शास्त्री की रिपोर्ट