पश्चिम चंपारण में बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बना किन्नर समाज: नौतन में बांटी राहत सामग्री, जिउतिया पर्व कर रहीं महिलाओं को दीं साड़ियां
Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले में आई भीषण बाढ़ की विभीषिका के बीच किन्नर समाज ने इंसानियत की एक नई मिसाल पेश की है। बेतिया और बैरिया के साथ-साथ नौतन प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए किन्नर समाज के लोग खुद आगे आए हैं। शुक्रवार की शाम किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया और लोगों को अपना स्नेहाशीष दिया।
'सालों भर जिनसे बधाई लेते हैं, आज विपत्ति में उनके साथ खड़े होने का मौका मिला'
राहत सामग्री बांटने पहुँचीं किन्नर समाज की पंडिताईन, खुशी किन्नर और कृष्णा किन्नर ने भावुक होते हुए कहा कि पूरा साल वे आम जनता से शादी-विवाह और बच्चों के जन्म पर बधाई व नेग लेते हैं। आज जब यही लोग कुदरत की मार और बाढ़ की तबाही झेल रहे हैं, तो यह उनका फर्ज बनता है कि वे इस कठिन समय में अपने समाज के साथ खड़े रहें।
जिउतिया पर्व कर रहीं महिलाओं को बांटी साड़ियां, चूड़ा और पूजन सामग्री
नौतन प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाते हुए किन्नर समाज ने विशेष रूप से निर्जला व्रत (जिउतिया) रख रहीं माताओं का ध्यान रखा। अपने बेटों की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रहीं महिलाओं को भोजन और राशन के साथ-साथ नई साड़ियां, चूड़ा और पर्व से जुड़ी सामग्री भेंट की गई। किन्नरों ने सभी माताओं को आशीर्वाद दिया और उनके बच्चों की दीर्घायु की कामना की।
आगे भी जारी रहेगा राहत वितरण का अभियान
किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वे इस आपदा की घड़ी में आगे भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर खाद्य सामग्री और जरूरी सामान बांटते रहेंगे। स्थानीय ग्रामीणों ने किन्नर समाज के इस संवेदनशील और प्रेरणादायक कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
आशीष की रिपोर्ट