Bihar News : वैशाली में BPSC शिक्षिका शिवानी रहस्यमयी तरीके से हुई लापता, परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का लगाया आरोप, सामूहिक आत्मदाह की दी चेतावनी

Bihar News : बिहार के वैशाली जिले की रहने वाली एक बीपीएससी शिक्षिका शिवानी के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : वैशाली में BPSC शिक्षिका शिवानी रहस्यमयी तरीके
बीपीएससी शिक्षिका लापता - फोटो : RISHABH

VAISHALI : बिहार के वैशाली जिले की रहने वाली एक बीपीएससी शिक्षिका शिवानी के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद शिवानी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने ससुरालवालों पर उसकी हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। न्याय की गुहार लगाने के लिए पीड़ित परिवार हाजीपुर समाहरणालय परिसर पहुंचा, जहां उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए इंसाफ की मांग की।

जानकारी के अनुसार, बिदुपुर निवासी कुंदन राय ने अपनी शिक्षिका बेटी शिवानी की शादी इसी साल फरवरी महीने में महिसौर थाना क्षेत्र के मूर्तजापुर गांव निवासी गौरव अभिषेक के साथ की थी। लेकिन बीते 25 नवंबर को शिवानी अचानक लापता हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शिवानी के मायके वालों को देते हुए आशंका जताई कि ससुरालवालों ने उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया है।

सूचना मिलते ही जब शिवानी के परिजन आनन-फानन में मूर्तजापुर गांव पहुंचे, तो वहां ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला लगाकर फरार मिले और शिवानी का भी कहीं कोई अता-पता नहीं था। इसके बाद से ही परिजन अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने की पुलिस पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि शिवानी के ससुराल वाले काफी दबंग और ऊंचे ओहदे पर हैं, जिसके दबाव में पुलिस ठोस कार्रवाई करने के बजाय सिर्फ आश्वासन देकर उन्हें घुमा रही है। परिजनों ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा सभी जिलों के डीएम और एसपी को जनता की फरियाद सुनकर त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है, इसके बावजूद उन्हें न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। पुलिस की सुस्ती से आक्रोशित होकर समाहरणालय पहुंचे परिजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी बेटी को जल्द न्याय नहीं मिला और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरा परिवार सामूहिक आत्मदाह करने को मजबूर होगा। परिजनों ने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जवाबदेही वैशाली पुलिस प्रशासन की होगी।

ऋषभ की रिपोर्ट