पटना में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में मची भगदड़, मिलर ग्राउंड में बेकाबू हुई भीड़
पटना के मिलर ग्राउंड में मशहूर यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ बेकाबू हो गई। भगदड़ जैसी स्थिति में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर नियंत्रित किया। पूरी खबर पढ़ें।
मशहूर यूट्यूबर आर्यन केल्विन पटना पहुंचे थे, जहां मिलर ग्राउंड में उनका एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अपने पसंदीदा यूट्यूबर की एक झलक पाने के लिए मैदान में भारी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भगदड़ जैसी स्थिति में टूटे गाड़ियों के शीशे
भीड़ के अनियंत्रित होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि इस हंगामे और धक्का-मुक्की के दौरान वहां खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
प्रशासन और पुलिस के छूटे पसीने
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद प्रशासन के अधिकारी और पुलिसकर्मी भीड़ को संभालने के लिए भागते-दौड़ते नजर आए। भारी संख्या में युवाओं और प्रशंसकों के उमड़ने से कुछ देर के लिए व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर पाया काबू
स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और सख्ती दिखाते हुए बेकाबू भीड़ को मैदान से बाहर खदेड़ा। पुलिस की तत्परता के बाद किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया जा सका और हालात सामान्य हुए।
पटना से अनिल की रिपोर्ट