Bhagalpur road accident: भागलपुर में घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा, छठ मनाकर लौट रहे परिवार की कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 4 घायल
Bhagalpur road accident: भागलपुर में घने कुहासे के बीच भीषण सड़क हादसा, छठ मनाकर लौट रहे परिवार की कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; 2 की मौत, 4 घायल
Bhagalpur road accident: भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर बायपास मोड़ पर गुरुवार की सुबह घने कुहासे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छठ पूजा संपन्न कर अपने घर लौट रहे एक परिवार की कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने वाला वाहन घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बनारस निवासी वंदना राय (40) और ननकू राय (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में एक ही परिवार के कुल छह लोग सवार थे। सभी बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित आसमानीचक में नंद कुमार राय के यहां छठ पूजा में शामिल होने आए थे। पूजा संपन्न होने के बाद सभी अपने ससुराल बनारस लौट रहे थे।
इसी दौरान मनोहरपुर बायपास मोड़ के पास घने कुहासे के बीच सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 पुलिस और 102 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस की टीम ने घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान बुलबुल राय (55), पति शैलेंद्र राय, आरती राय (35), पति प्रदीप राय, आर्या राय (18) और तनिषा राय (13), दोनों पिता प्रदीप राय के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि 112 नंबर पर सूचना देने के बावजूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंची। करीब एक घंटे बाद 112 की पुलिस और स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। घटना की सूचना मिलने पर मधुसूदनपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोहरपुर बायपास मोड़ पर घने कुहासे के दौरान अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। तेज रफ्तार और कम दृश्यता के कारण इस मोड़ पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। सभी घायलों का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के बनारस के रहने वाले हैं।
Bhagalpur से balmukund kumar