Bhagalpur Hospital: निजी अस्पताल में मौत और सरकारी दवाओं का मामला गरमाया, कहलगांव अस्पताल की कमान अब डॉ. गौरव कुमार के हाथ

Bhagalpur Hospital: भागलपुर के कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। डॉ. पवन कुमार गुप्ता को प्रभार से मुक्त कर डॉ. गौरव कुमार को नया प्रभारी उपाधीक्षक बनाया गया है।

Bhagalpur Hospital: भागलपुर के कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. पवन कुमार गुप्ता को प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार को तत्काल प्रभाव से प्रभारी उपाधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक प्रसाद ने 28 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल से जुड़े एक मरीज की निजी अस्पताल में मौत और वहां सरकारी दवाएं व अस्पताल के लेटर पैड मिलने का मामला जांच के दायरे में है।


निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी


दरअसल, बीते दिनों कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में एक मरीज भर्ती हुआ था। मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया था। आरोप है कि अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद आशा कार्यकर्ता के माध्यम से मरीज को एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। इस घटना के बाद मामला तूल पकड़ गया और कहलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


मामले की जांच के दौरान संबंधित निजी नर्सिंग होम से कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी डॉ. पवन कुमार गुप्ता के नाम के 50 लेटर पैड, 89 सरकारी ब्लेड और कई प्रकार की सरकारी दवाएं मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद इस पूरे मामले में छह डॉक्टरों समेत कुछ सहायक कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


प्रशासनिक दृष्टिकोण से सिविल सर्जन ने बदला प्रभार


इसी बीच सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से डॉ. पवन कुमार गुप्ता को प्रभारी उपाधीक्षक के पद से मुक्त करने का आदेश जारी किया है। जारी आदेश में पूर्व के आदेश को विलोपित करते हुए डॉ. गौरव कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल, कहलगांव का प्रभारी उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही डॉ. गौरव कुमार को कोषागार संहिता के नियम 84 के तहत निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उपाधीक्षक पद पर विभागीय अधिसूचना जारी होने के बाद यह आदेश स्वतः समाप्त माना जाएगा।


मौत से लेकर सरकारी सामान मिलने तक की जांच पर टिकी नजर


निजी अस्पताल में मरीज की मौत, रेफर किए जाने की प्रक्रिया और निजी नर्सिंग होम में सरकारी दवाओं एवं अस्पताल के लेटर पैड मिलने का मामला स्वास्थ्य विभाग और पुलिस जांच के लिए महत्वपूर्ण बन गया है। अब प्रभारी उपाधीक्षक का प्रभार बदले जाने के बाद अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था में भी नई जिम्मेदारी तय हो गई है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।


भागलपुर से बालमुकुंद कुमार की रिपोर्ट।