Bihar crime News : गोपालगंज में मोमो दुकान पर विवाद में दादा-पोता को चाकू से गोदा, आरोपी गिरफ्तार

Bihar crime News : गोपालगंज में मोमो की दुकान पर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में दादा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 60 वर्षीय लाल पाशी और उनके 18 वर्षीय पोते रोहित कुमार के रूप में हुई है।

Bihar crime News : गोपालगंज में मोमो दुकान पर विवाद में दादा
दादा-पोता को चाकू से गोदा - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के कैलाश होटल के समीप का है, जहां मोमो की दुकान पर हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में दादा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान काली स्थान रोड, वार्ड संख्या-13 निवासी 60 वर्षीय लाल पाशी और उनके 18 वर्षीय पोते रोहित कुमार के रूप में हुई है। 

दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रोहित की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं, लाल पाशी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, मोमो दुकान के समीप दो युवक आपस में विवाद कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने मारपीट करने के लिए दुकान में रखा छनौटा उठाने की कोशिश की। इसका दुकानदार रोहित कुमार ने विरोध किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि रोहित के शरीर पर करीब छह जगह चाकू से वार किए गए। पोते को बचाने के लिए पहुंचे उसके 60 वर्षीय दादा लाल पाशी पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

नमो नारायण की रिपोर्ट