Bihar News : सारण के बनियापुर में पैतृक गांव पहुंचा एसएसबी जवान अमरेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

Bihar News : सारण के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठौरी गांव में शनिवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब एसएसबी जवान अमरेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा.....पढ़िए आगे

Bihar News : सारण के बनियापुर में पैतृक गांव पहुंचा एसएसबी ज
पैतृक गाँव पहुंचा एसएसबी जवान का पार्थिव शरीर - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठौरी गांव में शनिवार को उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब एसएसबी जवान अमरेंद्र सिंह उर्फ सोनू का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। देश की सुरक्षा में तैनात जवान को अंतिम बार देखने के लिए ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी की आंखों में आंसू थे तो किसी के चेहरे पर अपनों को खोने का दर्द साफ झलक रहा था। जवान के पार्थिव शरीर को देखते ही पत्नी और बच्चों की चीत्कार से पूरा गांव दहल उठा। नम आंखों और भारी मन से लोगों ने अपने वीर जवान को अंतिम विदाई दी।

बताया जाता है कि अमरेंद्र सिंह छठ पूजा के अवसर पर 20 दिनों की छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार के साथ पर्व की खुशियां बांटने और अपनों के बीच कुछ समय बिताने की उनकी इच्छा थी। इसी दौरान वे अपने एक संबंधी के यहां सीवान गए थे। वहां से वापस लौटने के क्रम में सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखाबांध के समीप हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ दिन पहले छठ पर्व की रौनक और खुशियां थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पत्नी और दो बेटियों व एक बेटे का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पत्नी की करुण चीत्कार और बच्चों की बेबसी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। परिवार के लिए यह ऐसा असहनीय सदमा है, जिसकी भरपाई शायद कभी संभव नहीं हो सकेगी।

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोगों ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने कहा कि अमरेंद्र सिंह देश की सेवा के लिए समर्पित थे। उनका असमय चले जाना परिवार के साथ पूरे गांव और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। जिस जवान ने देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई, उसकी असमय मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया। अंततः नम आंखों के बीच पिठौरी गांव ने अपने लाल को अंतिम विदाई दी।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट